अलापुर में हर्षोल्लास और अकीदत के साथ मनाया गया जश्ने ईद मिलादुन्नबी का पर्व,कस्बे में निकला भव्य जुलूस।
अलापुर/बदायूं। नगर में बुधवार को पैगंबर ए हज़रत मोहम्मद साहब की योमे पैदाइश (जश्ने ईद मिलादुन्नबी) का पर्व बड़ी ही अकीदत, एहतराम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर नगर में एक भव्य जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया, जो सकुशल सम्पन्न हो गया।
सुबह से ही जुलूस नगर के जामा मस्जिद चौराहे से शुरू हुआ जो ताकिया,खेड़ा नगला,टंकी,महल, अंसारी चौक,बस स्टैंड,ककराला मोड़,लोहर वाला तिराहा, ककराला रोड होते हुए अपने निर्धारित मार्गों से गुजरा। जुलूस में नगर के हजारों की संख्या में अकीदतमंद मौजूद रहे।
जुलूस के दौरान “अल्लाह-हू-अकबर” और “सरकार की आमद मरहबा” के नारों से पूरा माहौल गूंज उठा। डीजे पर नात-ए-पाक और इस्लामिक तराने बज रहे थे, जिन पर युवा जोशो-खरोश के साथ झूम रहे थे। जगह-जगह जुलूस का फूल मालाओं से स्वागत किया गया।सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। थाना प्रभारी माधौ सिंह भारी पुलिस फोर्स के साथ जुलूस के साथ पैदल चलते हुए सुरक्षा व्यवस्था संभाले रहे। उनके नेतृत्व में पुलिस जगह-जगह तैनात रही, जिससे जुलूस पूरी तरह शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हो गया।
