मसूरी। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर मसूरी पब्लिक स्कूल में आयोजित 27वीं ध्यान चंद स्मृति सिक्स-ए-साइड हॉकी प्रतियोगिता का समापन हुआ। मसूरी स्पोर्ट्स एसोसिएशन की ओर से आयोजित तीन दिवसीय प्रतियोगिता में सीनियर गर्ल्स ओपन वर्ग में देशभर से 12 टीमों ने हिस्सा लिया, जबकि सब-जूनियर और जूनियर वर्गों में स्थानीय बालक-बालिकाओं ने प्रतिभाग किया।
समापन समारोह में खिलाड़ियों और विजेता टीमों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री एवं मसूरी विधायक गणेश जोशी तथा पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे।
प्रतियोगिता के दौरान मसूरी में खेल मैदान की कमी का मुद्दा भी प्रमुखता से सामने आया। मसूरी स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सूरत सिंह रावत ने भिलाड़ू में प्रस्तावित स्टेडियम को लेकर उम्मीद जताई कि जल्द खिलाड़ियों को बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
