कटनी पुलिस का मेगा कॉम्बिंग ऑपरेशन, 118 वारंटी गिरफ्तार
23 स्थाई और 66 गिरफ्तारी वारंटी पकड़े, 48 गुंडा बदमाशों का सत्यापन; अवैध शराब व जुआ के खिलाफ भी कार्रवाई
कटनी। अपराधियों पर शिकंजा कसने और जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से कटनी पुलिस ने जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ मेगा कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा एवं डीएसपी शिवा पाठक के मार्गदर्शन में चले अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने फरार वारंटियों और असामाजिक तत्वों के संभावित ठिकानों पर सघन दबिश दी।
अभियान में 23 स्थाई वारंटी और 66 गिरफ्तारी वारंटी गिरफ्तार किए गए, जबकि 29 जमानती वारंट तथा 29 समंस तामील कराए गए। पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान कुल 118 वारंटियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई।
बदमाशों के ठिकानों पर पहुंची पुलिस
कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान पुलिस टीमों ने 48 गुंडा बदमाशों के घर पहुंचकर उनकी गतिविधियों का सत्यापन किया। वहीं 40 निगरानीशुदा बदमाशों के ठिकानों पर आकस्मिक दबिश दी गई। 11 जिलाबदर एवं आदतन अपराधियों का भी सत्यापन कर उनके द्वारा निर्धारित शर्तों के पालन की जांच की गई।
अवैध शराब और जुआ पर कार्रवाई
अवैध शराब के परिवहन, बिक्री और सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आबकारी अधिनियम के 16 प्रकरण दर्ज किए गए। इसके अलावा जुआ खेलने वालों के खिलाफ जुआ एक्ट के 5 प्रकरण बनाए गए तथा 7 व्यक्तियों पर पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
शांति व्यवस्था के लिए प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
शांति भंग की आशंका वाले 11 व्यक्तियों पर धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई। लोक शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 75 व्यक्तियों के खिलाफ धारा 126/135 बीएनएसएस के तहत 68 प्रकरण दर्ज किए गए। बार-बार लोक शांति भंग करने वाले 17 व्यक्तियों के खिलाफ धारा 129 बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई।
होटल, रेलवे स्टेशन और बैंकों की जांच
रात्रिकालीन गश्त के दौरान बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन सहित संवेदनशील स्थानों पर आने-जाने वाले 39 मुसाफिरों का सत्यापन किया गया। पुलिस टीमों ने 19 होटल, ढाबों एवं सराय की चेकिंग की तथा विभिन्न थाना क्षेत्रों में 12 बैंकों के एटीएम भी जांचे।
शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर शिकंजा
कॉम्बिंग गश्त के दौरान शराब के नशे में वाहन चलाने वाले 10 चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई करते हुए वाहन जब्त किए गए।
कटनी पुलिस ने अभियान को अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आपराधिक गतिविधि, अवैध शराब, फरार अपराधी अथवा संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी तत्काल निकटतम थाना या पुलिस कंट्रोल रूम 7049140924 पर दें। पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।।।।