मयूरभंज से हिमांशु शेखर प्रहराज, ओडिशा राज्य संवाददाता।
मयूरभंज: बारिपदा नगरपालिका की ओर से आयोजित तीन दिवसीय स्वायत्त शासन दिवस समारोह का बुधवार को भव्य रूप से समापन हो गया। इस अवसर पर शाम को छऊ मैदान के समीप नगरपाल कृष्णानंद महांती की अध्यक्षता में विभिन्न विकासमूलक परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गृह निर्माण एवं नगर विकास विभाग के मंत्री कृष्णचंद्र महापात्र शामिल हुए। वहीं सम्मानित अतिथि के रूप में सांसद नव चरण माझी और बारिपदा विधायक प्रकाश सोरेन उपस्थित रहे।इस दौरान बारिपदा नगरपालिका के सभी 28 वार्डों के विभिन्न स्थानों पर स्थापित 26 हाईमास्ट स्ट्रीट लाइट, एक मोबाइल पशु बचाव वाहन तथा नगरपालिका क्षेत्र की सफाई के लिए दूसरी स्वचालित मशीनयुक्त सफाई गाड़ी का अतिथियों द्वारा लोकार्पण किया गया।इसके बाद नगरपालिका कार्यालय परिसर में नगरपाल कृष्णानंद महांती की अध्यक्षता में समापन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपनगरपाल सीमा दास, कार्यकारी अधिकारी देवी प्रसाद राउत तथा विभिन्न वार्डों के पार्षद सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया।समारोह को संबोधित करते हुए अतिथियों ने बारिपदा नगरपालिका की ओर से किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की। मंत्री कृष्णचंद्र महापात्र ने कहा कि शहर के समग्र विकास के लिए आने वाले दिनों में कई और महत्वपूर्ण कदम उठाए जाएंगे।इस अवसर पर वर्तमान नगरपालिका परिषद द्वारा किए गए विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी भी प्रस्तुत की गई।वहीं उल्लेखनीय कार्यों के लिए चार लोगों और संस्थाओं को सम्मानित किया गया। इनमें धर्म प्रचारक भागवत पंडा, 139 बार रक्तदान कर चुके विशिष्ट रक्तदाता नीरोज पोथाल, प्रसिद्ध फोटोग्राफर सुब्रत साहू तथा समाजसेवा के क्षेत्र में योगदान के लिए सत्य साई सेवा संगठन शामिल रहे। सभी को प्रशस्ति पत्र और उत्तरीय प्रदान कर सम्मानित किया गया।
स्वायत्त शासन दिवस के अवसर पर इससे पहले आयोजित चित्रांकन, नृत्य और भाषण प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को भी अतिथियों द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए।
इसके अलावा विभिन्न स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के बीच शंख फूंकने, उलूध्वनि, हांडी फोड़ और म्यूजिकल चेयर जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया था। इन प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिला प्रतिभागियों को भी पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
तीन दिवसीय इस आयोजन के समापन के साथ ही बारिपदा शहर में उत्सव का माहौल देखने को मिला।