ITN National

इंडियन टीवी न्यूज

Advertisement

रील बनाने के दौरान चली गोली, युवक गंभीर; बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती, हालत नाजुक

```

वाराणसी। फूलपुर थाना क्षेत्र के ब्यौहरियापुर गांव में शनिवार दोपहर मोबाइल से रील बनाने के दौरान अचानक गोली चलने से 16 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में घायल को पिंडरा पीएचसी ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। वहां किशोर का उपचार चल रहा है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
ब्यौहरियापुर गांव निवासी प्रहलाद चौहान का 16 वर्षीय पुत्र नीतिन चौहान शनिवार दोपहर अपने दो दोस्तों के साथ गांव में ही मोबाइल से रील बना रहा था। इसी दौरान अचानक गोली चल गई और नीतिन उसकी चपेट में आकर घायल हो गया। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही कठिरांव चौकी पुलिस और फूलपुर थाना प्रभारी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से घटना के संबंध में पूछताछ की। घायल को एंबुलेंस से पहले पिंडरा पीएचसी भेजा गया, जहां से उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
रील शूटिंग के दौरान कैसे चली गोली, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वीडियो बनाते समय गोली किस तरह चली और हथियार वहां कैसे पहुंचा। घटना के संबंध में किशोर के साथ मौजूद दोनों दोस्तों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि गोली चलने की वास्तविक वजह और हथियार से जुड़ी जानकारी पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *