महाताब भवन परिसर में 30 से अधिक शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
रायरंगपुर, 5 सितंबर: गुरु दिवस के अवसर पर रायरंगपुर के हरिकृष्ण महाताब भवन परिसर में जिला पत्रकार यूनियन एवं शिक्षक यूनियन के संयुक्त प्रयास से पवित्र ‘गुरु पूजन’ उत्सव का भव्य आयोजन किया गया।कार्यक्रम की शुरुआत स्कूल एवं कॉलेज स्तर की क्विज प्रतियोगिता से हुई। इसके बाद पूर्वाह्न 11:45 बजे आयोजित मुख्य गुरु पूजन समारोह में रायरंगपुर पुलिस जिले के आरक्षी अधीक्षक सुरेश पात्र, अतिरिक्त उपजिलाधिकारी बासंती लाकड़ा तथा पद्मश्री चरण हेम्ब्रम ने बतौर अतिथि शिरकत की। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।इस अवसर पर रायरंगपुर सरस्वती शिशु मंदिर के छात्र-छात्राओं ने ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वामनघाटी पत्रकार संघ के पूर्व अध्यक्ष प्रदीप्त कवि ने की, जबकि पूर्व प्रधान शिक्षक सुरथ पटनायक ने मंच का संचालन किया।समारोह को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि शिक्षा देश की प्रगति की आधारशिला है। जिस देश ने शिक्षा के क्षेत्र में जितनी अधिक प्रगति की है, वहां आर्थिक विकास भी उतना ही अधिक हुआ है। शिक्षा के विकास में शिक्षकों का त्याग, भूमिका, निष्ठा और परिश्रम अद्वितीय एवं अवर्णनीय है। इसलिए शिक्षकों के योगदान के लिए देश और समाज को उनका सम्मान करना चाहिए। शिक्षकों का अनुभव समाज के विभिन्न क्षेत्रों के लिए भी उपयोगी साबित हो सकता है।
इसके बाद अतिथियों ने वामनघाटी उपखंड के 30 से अधिक शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित किया। साथ ही छऊ गुरु विभूति भूषण महांत, संगीत गुरु नगेन्द्र सी. तथा सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले रायरंगपुर हाई स्कूल के 1998 मैट्रिक बैच संगठन को उत्तरीय, मानपत्र एवं गुलाब का फूल देकर सम्मानित किया गया।इस तरह के सामाजिक एवं सम्मानजनक कार्यक्रम के आयोजन के लिए पुलिस अधीक्षक सुरेश पात्र सहित उपस्थित अतिथियों ने रायरंगपुर जिला पत्रकार यूनियन एवं शिक्षक यूनियन के पदाधिकारियों की सराहना की।कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रधान शिक्षक दिलीप महांति तथा पूर्व राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त प्रधान शिक्षक श्रीकुमार कवि ने सहयोग किया।इस अवसर पर पत्रकार मानस रंजन महांति, सुबास पात्र, तुषारकांत महांति, अक्षय विश्वाल, प्रदीप महांति, राजेश शर्मा, छोटराय मुर्मू, मेघनाद हेम्ब्रम, सुरेंद्र मुंडा, नीरज साहू, रंजन पात्र, अमिय महांति, परेश चंद्र षडंगी, जीतू षडंगी, शेख नासिर, विकास शर्मा, जितेंद्र अग्रवाल, यशवंत बारिक, शिवशंकर सामंतराय सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
मयूरभंज से हिमांशु शेखर प्रहराज।