मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का डुमरियागंज तहसील सभागार में हुआ लाइव प्रसारण
पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह ने सरकार के फैसले को बताया मातृशक्ति के सम्मान की पहल
शहजाद आलम, जिला संवाददाता, सिद्धार्थनगर ITN NATIONAL
सिद्धार्थनगर। अयोध्या धाम में मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के लिए मानदेय में वृद्धि तथा कैशलेस चिकित्सा सुविधा की घोषणा की। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का डुमरियागंज तहसील सभागार में लाइव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं मौजूद रहीं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार मातृशक्ति के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तीकरण के लिए लगातार कदम उठा रही है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि तथा कैशलेस चिकित्सा सुविधा का निर्णय उनके परिश्रम और समर्पण के प्रति सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। सरकार की इस पहल से उनके आत्मसम्मान में वृद्धि होगी और उनके परिवारों को भी आर्थिक एवं स्वास्थ्य संबंधी सुरक्षा मिलेगी। उन्होंने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में सीडीपीओ डुमरियागंज अभय सिंह, सीडीपीओ भनवापुर संजय गुप्ता, एडीओ पंचायत आशुतोष मिश्रा समेत लवकुश ओझा, मधुसूदन अग्रहरि, दिलीप पाण्डेय, रमेश लाल श्रीवास्तव, रघुनंदन पाण्डेय, दीपेंद्र विक्रम सिंह, शंभू अग्रहरि, प्रभावती देवी, रेनू सिंह, किरण गौतम, प्रियांशु, अलका, पूजा, रेखा, उर्मिला, संजीवनी, रंजीता, गीता आदि मौजूद रहे।