गोंडा में विनोद साहनी हत्याकांड को लेकर शुक्रवार सुबह से मृतक के घर पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुटी हुई है। परिजन अभी अंतिम संस्कार नहीं कर रहे हैं और दूर-दराज से आने वाले रिश्तेदारों का इंतजार किया जा रहा है।
मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूर्व सपा मंत्री एवं पूर्व विधायक योगेश प्रताप सिंह समेत प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर परिजनों से बातचीत कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से कठोर कार्रवाई का आश्वासन दिया जा रहा है।
मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों शुभम, सुभाष और आकाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, तीनों ने विनोद साहनी के सोशल मीडिया पोस्ट से नाराज होकर उनके साथ मारपीट की थी। गंभीर रूप से घायल विनोद साहनी का लखनऊ में इलाज चल रहा था, जहां उनकी मौत हो गई।
वहीं, लखनऊ में केजीएमयू के बाहर चल रहे धरने में यूपी सरकार के मंत्री डॉ. संजय निषाद और करनैलगंज विधायक अजय कुमार सिंह भी पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए परसपुर थानाध्यक्ष और शाहपुर चौकी इंचार्ज को निलंबित कर दिया।
संजय निषाद के गोंडा कलेक्ट्रेट घेराव के लिए रवाना होने की सूचना के बाद करनैलगंज चौराहे समेत गोंडा कलेक्ट्रेट, पुलिस ऑफिस और सर्किट हाउस के आसपास भारी पुलिस फोर्स और बैरिकेडिंग की गई है।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन की नजर पूरे घटनाक्रम पर बनी हुई है।
जिला गोंडा रिपोर्टर = वैभव शुक्ला