सोनभद्र। आदिवासी बहुल जिले में बेहतर संपर्क और औद्योगिक गतिविधियों को गति देने के लिए जिले की चार प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के प्रस्तावों को वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। अपर मुख्य सचिव (वित्त) व वित्त आयुक्त की अध्यक्षता वाली व्यय वित्त समिति ने कुल 66.44 किलोमीटर लंबी इन सड़कों के लिए 166.92 करोड़ रुपये के बजट को मंजूर कर दिया है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने यह जानकारी दी।
जिलाधिकारी ने बताया कि प्रस्तावों को शीघ्रता से टेंडर प्रक्रिया में भेजकर निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार इन मार्गों के बन जाने से दूरस्थ क्षेत्रों तथा औद्योगिक केन्द्रों की कनेक्टिविटी मज़बूत होगी, जिससे कच्चे माल व तैयार माल की ढुलाई पर समय और लॉजिस्टिक लागत में कमी आएगी। आम नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आने की उम्मीद जताई गई है।
सड़कों के अनुसार:-
चोपन-कोटा-कोन-खरौंधी मार्ग: ₹43.84 करोड़
वाराणसी-शक्तिनगर (स्टेट हाईवे-5A) सुदृढ़ीकरण व सतह सुधार: ₹58.15 करोड़
आरएस रोड से कोदरा टोला मार्ग: ₹26.09 करोड़
मुर्धवा-म्योरपुर-बभनी-चपकी-बीजपुर मार्ग: ₹38.82 करोड़
जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि सोनभद्र की चारों ओर पड़ने वाली राज्यों से जुड़ी स्थिति को ध्यान में रखते हुए इन सड़कों का विकास क्षेत्रीय व्यापार और रोजगार के अवसर बढ़ाने में सहायक होगा। जल्द ही निर्माण शुरू होने पर संबंधित मार्गों पर यातायात व्यवस्थाओं और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाएगा।