दुद्धी (सोनभद्र)।अयोध्या धाम में राम कृपा सेवा फाउण्डेशन द्वारा आयोजित राष्ट्रीय रक्तदान महोत्सव में दुद्धी निवासी अफसार रज़ा ‘रक्तवीर’ को उनके निरंतर रक्तदान और समाज सेवा के लिए राष्ट्रीय सेवा रत्न सम्मान 2026 से नवाजा गया। इस दौरान उन्होंने अपना 28वां रक्तदान भी किया।
राम कृपा सेवा फाउण्डेशन अयोध्या के तत्वावधान में 11 से 13 सितंबर 2026 तक एच.आर. पेलेस, अयोध्या धाम में राष्ट्रीय रक्तदान महोत्सव एवं राष्ट्रीय सेवा रत्न सम्मान समारोह 2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देशभर के समाजसेवी और रक्तवीर शामिल हुए।
सम्मान प्रदान करने का गौरव काउंसलर, बीएचयू वाराणसी एवं प्रोफेसर अयोध्या मेडिकल कॉलेज डॉ. आशुतोष सिंह को मिला, जिन्होंने प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह, मेडल और अंगवस्त्र पहनाकर अफसार रज़ा को सम्मानित किया। फाउण्डेशन के अध्यक्ष आकाश गुप्ता ने बताया कि अफसार रज़ा ने अब तक 2,200 से अधिक जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की व्यवस्था करवाई है और 100 से अधिक रक्तदान शिविरों में सहयोग दिया है।
बताया कि अफसार रज़ा ‘रक्तवीर’ ने रक्तदान के क्षेत्र में 12 वर्षों से निरंतर योगदान देते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में रक्तदान जागरूकता अभियान चलाया है। वे उम्मीद फाउण्डेशन और SAWAB के संस्थापक हैं और दुद्धी से सक्रिय रूप से समाज सेवा कर रहे हैं।
सम्मान स्वीकार करते हुए अफसार रज़ा ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है। मेरा लक्ष्य सोनभद्र से लेकर अयोध्या तक रक्तदान को जन-आंदोलन बनाना है। ये सम्मान मेरा नहीं, उन सभी रक्तवीरों का है जो निस्वार्थ भाव से रक्तदान करते हैं।इस उपलब्धि से पूरे जनपद विशेषकर दुद्धी क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। स्थानीय स्तर पर अफसार रज़ा के सम्मान को जनपद की सामूहिक उपलब्धि माना जा रहा है।

