दुद्धी सोनभद्र। हिंदी दिवस के अवसर पर सोमवार को दुद्धी प्रेस क्लब के तत्वावधान में गोष्ठी एवं पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एसडीएम अशोक कुमार गुप्ता मौजूद रहे, जबकि नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन, म्योरपुर ब्लॉक प्रमुख मान सिंह गोंड, राजकीय महाविद्यालय के प्राचार्य प्रभारी राजेश भारती और अपना दल (एस)विधानसभा अध्यक्ष दुद्धी व प्रधान प्रतिनिधि निरंजन जायसवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की ।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि एसडीएम अशोक कुमार गुप्ता, नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन एवं अन्य गणमान्य अतिथियों के कर कमलों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। इस अवसर पर दुद्धी प्रेस क्लब के संरक्षक उपेंद्र कुमार तिवारी,सचिव रवि सिंह,अमरनाथ जायसवाल,इब्राहिम खान, विमल यादव, दैवी शक्ति राजा, सेराजुल, मनीष, विवेक, सेराज खान समेत बड़ी संख्या में स्थानीय पत्रकार, प्रबुद्धजन और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए एसडीएम अशोक कुमार गुप्ता ने कहा कि हिंदी हमारी पहचान और गौरवशाली संस्कृति का आधार है। उन्होंने पत्रकारिता के माध्यम से समाज को जागरूक करने और लोगों को जोड़ने में हिंदी की महत्वपूर्ण भूमिका रेखांकित की।
एसडीएम ने कहा कि डिजिटल युग में भी हिंदी का दायरा लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने दैनिक जीवन के साथ साथ राजकीय कार्यों में भी हिंदी का अधिक से अधिक प्रयोग कर इसके सम्मान को बढ़ाने पर जोर दिया।उन्होंने सभी से आग्रह किया कि वे हिंदी को बिना किसी हिचकिचाहट के गर्व के साथ बोलें और इसे आगे बढ़ाएं।
नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन ने कहा कि हिंदी देश को एक सूत्र में पिरोने वाली भाषा है। इस दौरान उन्होंने नगर के तमाम विकास कार्यों को भी पत्रकारों से साझा किया।
म्योरपुर ब्लॉक प्रमुख मान सिंह गोंड ने ग्रामीण अंचलों में हिंदी के महत्व पर प्रकाश डाला, जबकि राजकीय महाविद्यालय के प्राचार्य राजेश भारती ने हिंदी के साहित्यिक एवं सांस्कृतिक योगदान पर अपने विचार रखे।
इस अवसर पर अन्य उपस्थित लोगों ने भी अपने अपने विचार रखे और हिंदी को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। सभी ने कहा कि वे अपनी अपनी क्षमता के अनुसार हिंदी भाषा के प्रचार प्रसार और सम्मान में योगदान देंगे।
पत्रकारों का सम्मान और कार्यक्रम का समापन
इस अवसर पर अतिथियों ने स्थानीय पत्रकारों को डायरी और पेन भेंटकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन दुद्धी प्रेस क्लब अध्यक्ष रमेश यादव ने किया, जबकि समापन प्रेस क्लब के सचिव रवि सिंह ने आए आगंतुकों का आभार जताते हुए किया।
