दुद्धी (सोनभद्र)।गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर सोमवार को कस्बे के प्राचीन हनुमान मंदिर एवं पंचदेव मंदिर परिसर में भगवान गणेश की प्रतिमाओं की विधि विधान से स्थापना की गई। सुबह से ही श्रद्धालु मंदिर प्रांगण में पूजा की तैयारियों में जुटे रहे और पंडाल को भव्य एवं आकर्षक बनाने का कार्य किया गया।
वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच संपन्न हुआ पूजन
पूजन अर्चन का कार्य स्थानीय विद्वान पंडित देवेंद्र मिश्रा के वैदिक मंत्रोच्चारण और परंपरागत रीति रिवाजों के अनुसार संपन्न हुआ। प्राचीन हनुमान मंदिर में हुई पूजा के मुख्य यजमान अनिल कुमार उर्फ गोलू रहे, जबकि इस धार्मिक आयोजन में पवन सिंह, विकास अग्रहरि उर्फ भोलू, संजय कुमार, राजू, शिवम, अमरजीत सहित अन्य भक्तगण भी शामिल रहे।
प्रतिमा स्थापना के उपरांत बप्पा का श्रृंगार, भोग एवं आरती संपन्न की गई। शाम होते ही संध्या आरती में स्थानीय माताएं बहनें व पुरुष बड़ी संख्या में मंदिर पहुंचे और भक्ति भाव से गणपति बप्पा की आराधना की। भक्तों ने आरती के बाद प्रसाद ग्रहण कर धर्मलाभ प्राप्त किया।
पूजा समिति ने बताया कि यह पूजन अर्चन दो दिवसीय रहेगा, जिसके अंतर्गत विशेष पूजन, भजन कीर्तन एवं आरती का आयोजन किया जाएगा। इसी क्रम में पंचदेव मंदिर में भी विधिपूर्वक भगवान गणपति बप्पा की प्रतिमा की स्थापना की गई, जहां श्रद्धालुओं ने बड़े भाव से आरती और पूजन अर्चन में भाग लिया।धार्मिक उत्सव को देखते हुए स्थानीय पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी, जिससे श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और शांति वातावरण में पूजा कार्यक्रम संपन्न कराया।