मोरड़ा, 15/09: मोरड़ा बाजार के वरिष्ठ एवं पुराने व्यवसायी विजय कुमार सेनापति, जिन्हें लोग प्यार से ‘शंकर भाई’ के नाम से जानते थे, के निधन पर मोरड़ा वणिक संघ की ओर से श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। उनके निधन के सम्मान में मोरड़ा बाजार की सभी दुकानें सुबह 11 बजे तक बंद रखी गईं।जानकारी के अनुसार, 62 वर्षीय विजय कुमार सेनापति का सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे निधन हो गया। वे लंबे समय से किडनी संबंधी बीमारी से पीड़ित थे और उनका इलाज चल रहा था। उनके निधन की खबर फैलते ही मोरड़ा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।निधन की सूचना मिलने पर मोरड़ा वणिक संघ के अध्यक्ष सौरभ रंजन महांति ने गहरा शोक व्यक्त किया और सभी दुकानदारों से सुबह 11 बजे तक अपनी-अपनी दुकानें बंद रखकर दिवंगत व्यवसायी को श्रद्धांजलि देने का आग्रह किया।इसके बाद मोरड़ा तारिणी मंदिर के समीप शोक सभा आयोजित की गई। सभा में मोरड़ा बाजार के बड़ी संख्या में दुकानदार शामिल हुए और दिवंगत विजय कुमार सेनापति की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर प्रार्थना की।विजय कुमार सेनापति मोरड़ा के सबसे पुराने दुकानदारों में से एक होने के साथ-साथ एक प्रतिष्ठित व्यवसायी भी थे। उनके निधन से व्यापारिक समुदाय ने एक पुराने और मिलनसार व्यवसायी को खो दिया है।श्रद्धांजलि सभा में वणिक संघ के अध्यक्ष सौरभ महांति, सचिव सुधीर कुमार राज, सहित नटवर बेहरा, अजय कुमार सेनापति, कालिया साहू, कालीचरण तरेई, अरुण कालिया और निशाकर बिंधानी सहित अन्य दुकानदार उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत की आत्मा की सद्गति एवं शांति की कामना करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
मयूरभंज से हिमांशु शेखर प्रहराज।