बारीपदा, 15 सितंबर: मयूरभंज जिले के बैसिंगा थाना क्षेत्र अंतर्गत मानगोविंदपुर स्थित यूनियन बैंक शाखा में देर रात हुई एक बड़ी बैंक डकैती की साजिश को पुलिस ने विफल कर दिया। लंबी छुट्टियों का फायदा उठाकर बैंक में चोरी करने की योजना बना रहे सात संदिग्ध व्यक्तियों को पुलिस ने हिरासत में लिया है तथा पश्चिम बंगाल नंबर की एक कार भी जब्त की गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, देर रात लगभग 1:30 बजे से 2:00 बजे के बीच कुछ बदमाश बैंक की ग्रिल और दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश कर गए थे। बदमाश जब कैश कक्ष और लॉकर तक पहुंचने की कोशिश कर रहे थे, तभी बैंक की केंद्रीय सुरक्षा प्रणाली का अलार्म बज उठा। इसके बाद बेंगलुरु स्थित मुख्य नियंत्रण कक्ष से स्थानीय अधिकारियों को तुरंत सूचना दी गई।सूचना मिलते ही बैसिंगा थाना के नव नियुक्त प्रभारी अधिकारी बाबा शंकर सराफ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर अचानक छापेमारी की। पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही बदमाश बिना कोई नकदी लूटे अपनी कार से फरार होने का प्रयास करने लगे।पुलिस ने मानत्री–बैसिंगा मार्ग पर उनका पीछा किया और बैसिंगा चौक के निकट घेराबंदी कर सात संदिग्धों को हिरासत में ले लिया। साथ ही पश्चिम बंगाल नंबर की एक कार भी जब्त की गई है।उल्लेखनीय है कि क्षेत्र में पिछले कुछ समय से चोरी और डकैती की घटनाओं में वृद्धि हो रही थी। ऐसे में नए थाना प्रभारी की त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि क्या इन संदिग्धों का राज्य के अन्य क्षेत्रों में हुई चोरी और डकैती की घटनाओं से भी कोई संबंध है। मामले में पूछताछ जारी है।
मयूरभंज से हिमांशु शेखर प्रहराज।