शहजाद आलम जिला संवाददाता सिद्धार्थनगर ITN NATIONAL
सिद्धार्थनगर
जिले के सदर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह बच्चों से भरी एक स्कूल मिनी बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित सूखी नहर में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि बस में सवार सभी बच्चे सुरक्षित बच गए। कुछ बच्चों को मामूली चोटें आने की सूचना है, जिन्हें उपचार के लिए ले जाया गया।
घटना रेहरा-कोंडरा मार्ग पर रेहरा पेट्रोल पंप के पास की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक सरला इंटरनेशनल एकेडमी की मिनी बस रोज की तरह सुबह बच्चों को लेने के लिए रेहरा की ओर जा रही थी। इसी दौरान सड़क पर अचानक सामने आई स्कूटी को बचाने के प्रयास में चालक ने बस से नियंत्रण खो दिया। बस सड़क किनारे रखे विद्युत विभाग के एक पोल से टकराई और इसके बाद अनियंत्रित होकर सूखी नहर में जा गिरी।
ग्रामीणों ने पहुंचकर बच्चों को निकाला, सड़क की अव्यवस्था पर उठे सवाल, हादसा होते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बस में फंसे बच्चों को बाहर निकाला। कुछ बच्चों को हल्की चोटें आने पर उपचार के लिए भेजा गया। उपचार के बाद कुछ बच्चों को उनके परिजन घर ले गए, जबकि कुछ बच्चे स्कूल पहुंचकर पढ़ाई करते रहे। स्कूल प्रधानाचार्य ने बताया कि सभी बच्चे सुरक्षित हैं। उनके मुताबिक सड़क पर पड़ी गिट्टी-मोरंग और विद्युत पोल के कारण स्कूटी को बचाने के दौरान हादसा हुआ।
हादसे की जानकारी मिलने पर एआरटीओ सिद्धार्थनगर संजय कुमार सिंह ने भी मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया स्कूटी को बचाने के प्रयास में हादसा होने की बात सामने आई है। चालक के ड्राइविंग लाइसेंस का नंबर लिया गया है और नियमानुसार लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद सड़क किनारे पड़ी गिट्टी-मोरंग, ठेले-गाड़ियों, निर्माण सामग्री और विद्युत पोल को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे इस तरह की अव्यवस्था से वाहन चालकों को परेशानी होती है और दुर्घटना का खतरा बना रहता है। हादसे के बाद गिट्टी को जेसीबी की मदद से हटाया गया, हालांकि विद्युत विभाग के पोल अब भी सड़क किनारे पड़े बताए जा रहे हैं।
बड़ा हादसा टलने के बाद बच्चों के परिजनों ने राहत की सांस ली। हालांकि, घटना ने सड़क किनारे सुरक्षा व्यवस्था और अतिक्रमण की स्थिति पर जिम्मेदार विभागों के सामने सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।