नवागत ईओ के कार्यभार संभालने के बाद पहली बोर्ड बैठक, सफाई, सड़क, स्ट्रीट लाइट और जलनिकासी समेत कई प्रस्तावों पर चर्चा
दुद्धी (सोनभद्र)। नगर पंचायत कार्यालय सभागार में बुधवार को नगर पंचायत बोर्ड की बैठक चेयरमैन कमलेश मोहन की अध्यक्षता में हुई। नवागत अधिशासी अधिकारी अजय कुमार निषाद के कार्यभार ग्रहण करने के बाद हुई बैठक में नगर की आय बढ़ाने के साथ ही बुनियादी सुविधाओं को बेहतर करने से जुड़े कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में गृहकर के निर्धारण, दरों और वसूली व्यवस्था को लेकर सदस्यों के बीच गहन मंथन हुआ। नगर पंचायत की आय बढ़ाने के साथ आम नागरिकों पर अनावश्यक आर्थिक भार न पड़े, इस दिशा में व्यवस्था को सरल एवं पारदर्शी बनाने पर जोर दिया गया।इसके अलावा त्योहारों को देखते हुए वार्डों में विशेष सफाई अभियान चलाने, जर्जर सड़कों की मरम्मत, खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कराने तथा जलनिकासी की समस्या के समाधान के लिए नालियों के निर्माण समेत कई विकास कार्यों के प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई। बोर्ड ने नगर की आवश्यकताओं से जुड़े प्रस्तावों पर अपनी सहमति जताई।
नवागत ईओ अजय कुमार निषाद ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप नगर में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा। कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाएगा।बैठक में सभासद निरंजन कुमार, धीरज जायसवाल, प्रेमनारायण सिंह मोनू, आमेश सिंह, राकेश आजाद, शाहिद आलम, कार्यालय बाबू आलोक समेत सभासद प्रतिनिधि आनंद अग्रहरि, मोहित अग्रहरि, अंका कुमार, शाहनवाज अली आदि मौजूद रहे।