झाँसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज, झाँसी में वृहद रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ विधायक राजीव सिंह परीछा ने जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में विधिवत किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं भी रक्तदान शिविर में सहभागिता की।
इस अवसर पर विधायक राजीव सिंह परीछा ने कहा कि रक्तदान महादान है और किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित इस पुनीत सेवा कार्य में सहभागिता करने वाले सभी रक्तदाताओं एवं कार्यकर्ताओं को उन्होंने हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि रक्तदान के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ऐसे शिविरों का आयोजन महत्वपूर्ण है। उन्होंने रक्तदाताओं एवं आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में सांसद अनुराग शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सिंह सहित जनपद के अन्य जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो. सुधीर कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सचिन माहुर, विभागाध्यक्ष डॉ. पल्लवी अग्रवाल तथा रक्तकेन्द्र प्रभारी डॉ. एम.एल. आर्य सहित चिकित्सक एवं अन्य गणमान्यजन भी मौजूद रहे।
शिविर में रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए रक्तदान किया। आयोजन के माध्यम से समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया।
