रिपोर्ट: सुरेश कुमार यादव
समाजसेवी, पत्रकार | itn national News TV संवाददाता पन्ना रिपोर्टर
लोकेशन/ अजयगढ़
ब्रेकिंग न्यूज़ | अजयगढ़, पन्ना
एंकर इंट्रो:
पन्ना जिले के अजयगढ़ क्षेत्र में मझगांव मध्यम सिंचाई परियोजना के डूब क्षेत्र में आने वाले गांवों में मुआवजा और पुनर्वास की स्थिति का जायजा लेने सागर संभाग कमिश्नर दिलीप कुमार और पन्ना कलेक्टर ऊषा परमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने झगरहा और बालूपुर गांव का भ्रमण कर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं।
वीओ-1:
निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने लंबित मुआवजे सहित डूब क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। कमिश्नर ने कहा कि जिन प्रभावित परिवारों का मुआवजा लंबित है, वे आवश्यक दस्तावेज जल्द संबंधित अधिकारियों के पास जमा करें, ताकि दस्तावेजों की जांच और प्रक्रिया पूरी कर भुगतान किया जा सके।
कटऑफ दिनांक के बाद प्रभावित व्यक्ति की मृत्यु होने की स्थिति में नियमानुसार उनके वारिसों के नाम भुगतान की प्रक्रिया किए जाने की बात भी अधिकारियों द्वारा कही गई।
झगरहा:
झगरहा पहुंचने पर ग्रामीणों ने जलभराव के कारण प्रभावित होने वाली पुलिया की समस्या भी अधिकारियों के सामने रखी। ग्रामीणों ने बताया कि पानी भरने के दौरान आवागमन में काफी परेशानी होती है। कमिश्नर ने समस्या का संज्ञान लेते हुए पुलिया का निर्माण जल्द कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
बालूपुर:
इसके बाद अधिकारियों ने बालूपुर क्षेत्र का निरीक्षण किया। डूब क्षेत्र के पीछे स्थित 502 नंबर की भूमि पर प्रभावित परिवारों के लिए आबादी क्षेत्र के साथ स्कूल, आंगनबाड़ी, बिजली, पानी और सामुदायिक भवन जैसी मूलभूत सुविधाएं विकसित करने को लेकर चर्चा हुई।
कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुनर्वास की प्रक्रिया में केवल मकानों का निर्माण ही नहीं, बल्कि शिक्षा और बाल विकास जैसी आवश्यक सुविधाओं का भी ध्यान रखा जाए।
रोजगार पर जोर:
कमिश्नर दिलीप कुमार ने डूब क्षेत्र के ग्रामीणों को रोजगार और आजीविका से जोड़ने पर भी जोर दिया। उन्होंने ग्रामीणों से समिति गठित करने की बात कही, जिसके माध्यम से उपलब्ध संसाधनों के आधार पर रोजगार के अवसर विकसित किए जा सकें।
मछली पालन सहित अन्य स्वरोजगार गतिविधियों से प्रभावित परिवारों को जोड़ने और आवश्यकता के अनुसार ऋण उपलब्ध कराने की दिशा में पहल करने की बात भी कही गई।
एंकर आउट्रो:
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि डूब क्षेत्र से संबंधित मुआवजा, पुनर्वास, आवागमन, आवास, शिक्षा और रोजगार से जुड़ी समस्याओं को प्राथमिकता के साथ देखा जाएगा।
मौके पर मौजूद अधिकारी:
जिला पंचायत सीईओ उमराव सिंह मरावी, एसडीएम आलोक मार्को, प्रशिक्षु अपर कलेक्टर अनुराग गुर्जर, तहसीलदार सुरेंद्र कुमार, सिंचाई विभाग के ईई एवं एसडीओ हजारी लाल, थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।