गणेश-दुर्गा विसर्जन जुलूसों को लेकर हिंदू टाइगर फोर्स ने उठाई सुरक्षा और विद्युत व्यवस्था की मांग
जबलपुर। आगामी श्री गणेश एवं मां दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूसों को लेकर हिंदू टाइगर फोर्स मध्यप्रदेश और शिव सेना गौ रक्षा न्यास उज्जैन ने प्रशासन से सुरक्षा एवं विद्युत व्यवस्था पुख्ता करने की मांग की है। संगठन की ओर से जिला कलेक्टर जबलपुर एवं मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के अधिकारियों को पत्र सौंपकर विसर्जन मार्गों का पूर्व निरीक्षण कराने की मांग की गई है।
पत्र में कहा गया है कि शहर एवं जिले के विभिन्न क्षेत्रों से निकलने वाले विसर्जन जुलूसों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, महिलाएं और बच्चे शामिल होंगे। ऐसे में जुलूस मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सावधानी बरती जाना आवश्यक है।
संगठन ने मांग की है कि प्रशासन, पुलिस, नगर निगम और विद्युत विभाग संयुक्त रूप से प्रमुख विसर्जन मार्गों का निरीक्षण करें। मार्गों पर लटकते, टूटे या नीचे झुके बिजली के तारों एवं अन्य विद्युत उपकरणों को समय रहते दुरुस्त कराया जाए। बिजली के खंभों, खुले विद्युत बॉक्स और ट्रांसफार्मरों के आसपास सुरक्षा घेरा एवं बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाए।
इसके साथ ही जुलूस मार्गों और विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त स्ट्रीट लाइट एवं अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था करने तथा विसर्जन के दौरान अनावश्यक विद्युत कटौती नहीं किए जाने की मांग भी की गई है।
संगठन ने प्रशासन से समय रहते आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि विसर्जन जुलूस शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सकें।
बेईट :
ऋषभ जैन संयुक्त कॉलेक्टर
नितेश पटेल अध्यक्ष हिंदू टाइगर फोर्स
सुशील बर्मन उपाध्यक्ष हिंदू टाईगर फोर्स
न्यूज़ रिपोर्टर मोहित संघी