दुद्धी (सोनभद्र)। कोतवाली क्षेत्र में एनएच 39 दुद्धी हाथीनाला मार्ग स्थित रजखड़ घाट पर शनिवार की रात करीब ढाई बजे धान की भूसी लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद भूसी के नीचे छिपाकर ले जाई जा रही अवैध अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप बिहार/झारखंड ले जाने का मामला सामने आया है।शराब की बोतलें सड़क पर बिखरते ही उन्हें उठाने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से शराब की पूरी खेप जब्त कर ली।
बताया गया कि ट्रक में ऊपर से धान की भूसी लदी थी। इसके नीचे शराब की बोतलें छिपाकर ले जाई जा रही थीं। रजखड़ घाट के पास ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे भूसी हटने पर शराब की बोतलें सड़क पर फैल गईं। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
सूचना पर दुद्धी कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित करते हुए शराब को कब्जे में लिया। दुर्घटना के कारण एनएच 39 पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। पुलिस ने जेसीबी की मदद से ट्रक को सड़क से हटवाकर आवागमन सुचारु कराया।
पुलिस के अनुसार, ट्रक चालक और शराब तस्कर हादसे के बाद मौके से फरार हो गए । पुलिस ने मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। शराब की खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इसकी जांच की जा रही है।
समाचार लिखे जाने तक पुलिस की ओर से आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी नहीं की गई थी। इसलिए बरामद शराब की बोतलों की संख्या और अनुमानित कीमत की जानकारी उपलब्ध नहीं हो सकी थी।