सहारनपुर
सहारनपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के पश्चिम क्षेत्र के दो दिवसीय संगठनात्मक प्रवास के अंतर्गत 21 सितंबर को मेरठ तथा 22 सितंबर 2026 को सहारनपुर आगमन को लेकर भाजपा पश्चिम क्षेत्र, जिला एवं महानगर संगठन सहित जनप्रतिनिधियों द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
इसी क्रम में क्षेत्रीय महामंत्री रूपेंद्र सैनी ने बैठक कर राष्ट्रीय अध्यक्ष के सहारनपुर आगमन एवं प्रस्तावित कार्यक्रमों की जानकारी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को दी तथा कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के साथ राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े , प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी , प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल तथा क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे।
सहारनपुर महानगर के नवनियुक्त प्रभारी गाजियाबाद के पूर्व जिला अध्यक्ष अजय शर्मा तैयारियों को लेकर सहारनपुर पहुंच चुके है
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 22 सितंबर को राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन कार्यकर्ता के घर भोजन करेंगे। इसके पश्चात अंबाला रोड स्थित सरोवर पोर्टिको में पश्चिम क्षेत्र के पूर्व जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे।
इसके बाद पश्चिम क्षेत्र की कार्यकारिणी, राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर के वे पदाधिकारी जो पश्चिम क्षेत्र में निवास करते हैं तथा जिला प्रभारी, जिला अध्यक्ष एवं जिला महामंत्रियों के साथ संगठनात्मक बैठक प्रस्तावित है।
बैठक के उपरांत शाम 5 बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के सहारनपुर आगमन को लेकर भाजपा पश्चिम क्षेत्र, जिला एवं महानगर संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि तैयारियों में जुटे हुए हैं।
रमेश सैनी आशीष सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़