40 पौवा अवैध शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल
बालोद, छत्तीसगढ़, 21 सितंबर 2026: दल्लीराजहरा पुलिस ने अवैध शराब परिवहन के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 40 पौवा देशी प्लेन शराब जब्त की है, जिसकी कुल कीमत करीब 3,200 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना और नगर पुलिस अधीक्षक दल्लीराजहरा विकास पाटले के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी सुनील तिर्की के नेतृत्व में अवैध शराब, जुआ और सट्टे के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।
21 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति अधिक मात्रा में शराब लेकर भोयरटोला रेलवे क्रॉसिंग की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रेलवे क्रॉसिंग के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखकर भाग रहे व्यक्ति को पीछा कर पकड़ा गया।
तलाशी के दौरान आरोपी दीनबंधु तारम (40), पिता संतराम तारम, निवासी बिटाल, थाना राजहरा, जिला बालोद के कब्जे से काले कपड़े के थैले में 40 पौवा देशी प्लेन शराब बरामद हुई। प्रत्येक पौवा में 180 एमएल शराब भरी हुई थी।
पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ थाना राजहरा में अपराध क्रमांक 236/2026, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि अवैध शराब के साथ जुआ और सट्टा गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है।
