रितेश कुमार ब्यूरो चीफ बालोद छत्तीसगढ़
बालोद, छत्तीसगढ़
पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण के नेतृत्व में बुधवार शाम बालोद शहर में पुलिस बल ने फ्लैग मार्च किया। इस दौरान शहर में कानून-व्यवस्था, सुरक्षा, शांति और सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया गया।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस बल ने शहर के प्रमुख मार्गों और क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस की सक्रिय मौजूदगी के माध्यम से आमजन में सुरक्षा और विश्वास का संदेश देने का प्रयास किया गया।
इस दौरान नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के मामलों पर भी विशेष ध्यान दिया गया। पुलिस ने 5 नाबालिग वाहन चालकों के परिजनों को समझाइश देकर उन्हें वाहन नहीं चलाने की हिदायत दी। वहीं, एक नाबालिग के परिजन के खिलाफ 2,000 रुपये की चालानी कार्रवाई की गई।
बालोद पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें। पुलिस के अनुसार, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना उनके साथ-साथ अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं के लिए भी जोखिमपूर्ण हो सकता है।