मुजफ्फरनगर।
मुजफ्फरनगर-सहारनपुर मार्ग पर बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
बताया गया कि बॉबी पेट्रोल पंप के पास बुधवार शाम ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे में घायल बाइक सवारों में शुभम पुत्र गुल्लू पाल निवासी रोहाना कलां भी शामिल बताए गए हैं। उपचार के दौरान एक घायल ने दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका उपचार जारी है।
वहीं हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा फरार चालक की तलाश और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे के संबंध में पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस दर्दनाक हादसे की सूचना से मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
स्थान: मुजफ्फरनगर-सहारनपुर मार्ग
जिला रिपोर्टर — रितिक शर्मा