अकरम खान पटेल की रिपोर्ट
भोपाल के जहांगीराबाद थाने में अधिवक्ता राकेश रावल से कथित मारपीट के मामले को लेकर मंगलवार देर रात तक करीब 50 वकीलों ने थाने के बाहर प्रदर्शन किया। वकीलों ने थाना प्रभारी राजन सिंह अहिरवार और संबंधित पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की। शिकायत के अनुसार, अधिवक्ता राकेश रावल को पुलिस ने रास्ते में रोका था, जिसके बाद विवाद हुआ और उन्होंने पुलिसकर्मियों पर मारपीट का आरोप लगाया।
वकीलों की ओर से जारी वीडियो में उनके पैरों पर चोट के निशान दिखाई देने का दावा किया गया। मामले में डीसीपी जोन-1 ने थाना प्रभारी राजन सिंह अहिरवार, कांस्टेबल यश लखेरा और आरक्षक रामस्वरूप को निलंबित कर रिजर्व सेंटर से संबद्ध कर दिया है। अधिकारियों के अनुसार मामले की प्राथमिक जांच सात दिन में पूरी कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि घटना से संबंधित वीडियो और दोनों पक्षों के आरोपों की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी.