सहारनपुर
नानौता। बीती रात चोरों ने शराब के ठेके को निशाना बनाते हुए उसकी दीवार फाड़कर हजारों रुपये कीमत की शराब और नकदी चोरी कर ली। चोरी की पूरी वारदात ठेके में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।
ठेका स्वामी मनजीत सिंह के अनुसार चोरों ने बीती रात करीब डेढ़ बजे शराब की दुकान की दीवार में सेंध लगाई और अंदर दाखिल हो गए। चोर दुकान से करीब 15 पेटी बीयर, 32 पेटी देशी शराब, एक पंखा तथा करीब छह हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए।
घटना की जानकारी सुबह दुकान खुलने पर हुई, जिसके बाद शराब ठेका संचालक ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने ठेके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें चोर वारदात को अंजाम देते हुए दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान और उनकी तलाश में जुटी है। घटना के बाद आसपास के दुकानदारों में भी हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़