दुद्धी (सोनभद्र)। म्योरपुर थाना क्षेत्र के किरबिल गांव में गुरुवार शाम एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पेड़ से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार 26 वर्षीय किशन बिहारी की मौत हो गई, जबकि उसका साथी अमृतलाल गंभीर रूप से घायल हो गया।
बताया जाता है कि दोनों युवक बीजपुर स्थित एनटीपीसी परियोजना में मजदूरी कर बाइक से करहिया गांव जा रहे थे। किरबिल गांव में पानी की टंकी के निकट अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ा और वह सीधे पेड़ से जा टकराई।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल म्योरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।जहां चिकित्सक ने किशन बिहारी को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल अमृतलाल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हादसे की खबर सुनते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।