सिद्धार्थनगर।
जिले में मौसम ने अचानक करवट ली और तेज हवाओं के झोंकों के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। बारिश से जहां आम लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं किसानों के बीच खुशी और चिंता दोनों देखने को मिल रही है।
बारिश से उन किसानों को काफी राहत मिली है, जिनकी फसलों को पानी की जरूरत थी। खेतों में नमी आने से फसलों को फायदा मिलने की उम्मीद है और कई किसानों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली। खासकर जिन फसलों में अभी बालियां नहीं निकली हैं, उन किसानों को इस बारिश से अच्छी पैदावार की उम्मीद जगी है।
हालांकि, तेज हवाओं ने कुछ किसानों की चिंता भी बढ़ा दी है। जिन फसलों में बालियां निकल चुकी हैं, उनके तेज हवा और बारिश के कारण गिरने से नुकसान होने की आशंका है। किसानों का कहना है कि यदि तेज हवा और बारिश का दौर जारी रहा तो तैयार फसलों को नुकसान पहुंच सकता है।
वहीं, नदी के किनारे और निचले इलाकों में खेती करने वाले किसानों को संभावित जलभराव और बाढ़ की चिंता सताने लगी है। किसानों को डर है कि यदि लगातार तेज बारिश हुई तो खेतों में पानी भरने से फसल खराब हो सकती है।
फिलहाल बारिश ने जिले के मौसम को सुहाना बना दिया है। एक तरफ जहां किसान अपनी फसल को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर अच्छी बारिश से बेहतर पैदावार की उम्मीद लगाए किसान इसे राहत के रूप में भी देख रहे हैं।
ब्यूरो चीफ अभय नन्दन कठेला सिद्धार्थनगर