सिवनी के अटल विहार कॉलोनी में पुलिस की दबिश, 1.436 किलो गांजा के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
बालोद, 1 अक्टूबर 2026। थाना बालोद पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ग्राम सिवनी की अटल विहार कॉलोनी स्थित EWS/92 क्वार्टर में दबिश देकर गांजा बिक्री के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1.436 किलोग्राम गांजा, दो मोबाइल फोन समेत कुल 85,300 रुपये का मशरूका जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार 29 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि EWS/92 क्वार्टर में दो व्यक्ति गांजा बिक्री के लिए रखे हुए हैं। सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी और तलाशी की कार्रवाई की।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान टेकचंद साहू (24) निवासी वार्ड क्रमांक 11, नीचेपारा, ग्राम सिवनी और गौतेश कुमार साहू (26) निवासी वार्ड क्रमांक 7, स्कूलपारा, ग्राम सिवनी के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से 1.436 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 69,300 रुपये बताई गई है। इसके अलावा टेकचंद साहू से Redmi Note 10 5G और गौतेश कुमार साहू से Samsung F15 5G मोबाइल फोन जब्त किया गया। जब्त सामान की कुल कीमत 85,300 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना बालोद में अपराध क्रमांक 510/2026 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया है। दोनों को गिरफ्तार कर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चन्द्रकांत गवर्ना और एसडीओपी बालोद विनय कुमार साहू के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बालोद पुलिस ने नागरिकों से मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से संबंधित जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

