लोकेशन डीग
डीग। निकाय चुनाव के दौरान पत्रकारों के साथ कथित अभद्र व्यवहार एवं धमकी देने के मामले को लेकर जल महल प्रेस क्लब जिला डीग के पत्रकारों ने जिला कलेक्टर मयंक मनीष को ज्ञापन सौंपा। पत्रकारों ने मामले में संबंधित पुलिस उप निरीक्षक के व्यवहार पर नाराजगी जताते हुए उचित कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में पत्रकारों ने बताया कि निकाय चुनाव के दौरान निर्वाचन अधिकारी की ओर से पत्रकारों के लिए जारी किए गए पास के आधार पर कवरेज के लिए पहुंचे पत्रकारों के साथ पुलिस उप निरीक्षक द्वारा कथित तौर पर गलत व्यवहार किया गया। आरोप है कि पुलिस अधिकारी ने निर्वाचन अधिकारी द्वारा बनाए गए पास को मानने से इनकार कर दिया तथा पत्रकारों को कवरेज करने से रोकने के साथ कथित रूप से धमकी भी दी।
पत्रकारों ने जिला कलेक्टर से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर संबंधित अधिकारी के व्यवहार की जांच करने तथा भविष्य में चुनाव एवं अन्य सरकारी कार्यक्रमों की कवरेज के दौरान पत्रकारों को निर्धारित पास के आधार पर आवश्यक सहयोग एवं सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित कराने की मांग की।
जल महल प्रेस क्लब जिला डीग के पत्रकारों ने कहा कि पत्रकार लोकतांत्रिक व्यवस्था में आमजन तक तथ्यात्मक जानकारी पहुंचाने का कार्य करते हैं। ऐसे में कवरेज के दौरान पत्रकारों के साथ किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार या धमकी स्वीकार्य नहीं है। पत्रकारों ने प्रशासन से मामले में उचित कार्रवाई की अपेक्षा जताई।
ब्यूरो रिपोर्ट रमनलाल गोस्वामी
ब्यूरो चीफ जिला डीग