इडियन टीवी न्यूज नेशनल छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
रायपुर।
राजधानी रायपुर में ट्रांसपोर्ट कारोबारी प्रतीक राय के कथित अपहरण मामले को पुलिस ने करीब 12 घंटे के भीतर सुलझा लिया। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में वाहन और पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद के चलते कारोबारी को जबरन अपने साथ ले जाने की बात सामने आई है।
पत्नी ने थाने पहुंचकर दर्ज कराई शिकायत
जानकारी के अनुसार, 2 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे प्रतीक राय की पत्नी अनिता राय खमतराई थाने पहुंचीं। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनके पति घर वापस नहीं लौटे हैं और उनका मोबाइल फोन भी बंद है।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम ने तत्काल मामले की जांच शुरू की और घटनास्थल तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
CCTV फुटेज से सामने आया घटनाक्रम
सीसीटीवी फुटेज के बारीकी से अवलोकन में पुलिस को पता चला कि उसी दिन दोपहर करीब 2:28 बजे तीन अज्ञात लोग प्रतीक राय को काले रंग की स्कॉर्पियो में जबरन बैठाकर अपने साथ ले गए थे।
इसके बाद पुलिस ने संदिग्ध वाहन की पहचान और उसकी गतिविधियों का पता लगाने के लिए तकनीकी सर्विलांस शुरू किया।
तकनीकी सर्विलांस के जरिए UP तक पहुंची पुलिस
जांच के दौरान संदिग्ध स्कॉर्पियो के उत्तर प्रदेश की ओर जाने की जानकारी सामने आई। इसके बाद रायपुर पुलिस ने तत्काल उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ समन्वय स्थापित किया।
पुलिस द्वारा वाहन की लोकेशन, संभावित रूट और टोल प्लाजा से जुड़ी जानकारी साझा की गई। चौपन, रॉबर्ट्सगंज सहित संभावित मार्गों पर पुलिस टीमों को अलर्ट कर नाकाबंदी और चेकिंग कराई गई।
रायपुर पुलिस से लगातार मिल रही तकनीकी जानकारी के आधार पर उत्तर प्रदेश पुलिस ने संदिग्ध वाहन की निगरानी शुरू की।
मिर्जापुर में पकड़ी गई स्कॉर्पियो, तीन आरोपी गिरफ्तार
लगातार ट्रैकिंग और नाकाबंदी के बाद थाना अहरौरा, जिला मिर्जापुर पुलिस ने संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोक लिया। वाहन में सवार तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान अभय सिंह (28), बृहस्पत देव सिंह (27) और आदर्श सिंह (24) के रूप में हुई है। तीनों उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों के निवासी बताए गए हैं।
वाहन और पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वाहन और पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद के चलते प्रतीक राय को कथित तौर पर जबरन अपने साथ ले जाया गया था। आरोपियों द्वारा उन्हें उत्तर प्रदेश की ओर ले जाया जा रहा था।
रायपुर लाने रवाना हुई पुलिस टीम
आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई के लिए रायपुर पुलिस की टीम उत्तर प्रदेश के लिए रवाना हो चुकी है। मामले में आगे की जांच के दौरान अपहरण की पूरी परिस्थितियों और विवाद की वजह से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
इस कार्रवाई में खमतराई थाना प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र जायसवाल सहित थाना टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।