इंडियन टीवी न्यूज नेशनल छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
रायपुर।
राजधानी रायपुर के सड्डू स्थित प्रिंस ढाबे में सोमवार को उस समय तनावपूर्ण स्थिति निर्मित हो गई, जब प्रशासन की टीम भारी पुलिस बल के साथ ढाबे को अवैध बताते हुए कार्रवाई करने पहुंची। कार्रवाई के विरोध में ढाबा संचालक ने खुद पर पेट्रोल उड़ेल लिया और आग लगाने की कोशिश की। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया।
सीमांकन को लेकर सामने आया विवाद
प्रशासन द्वारा ढाबे को अवैध बताते हुए कार्रवाई की तैयारी की जा रही थी। इसी दौरान ढाबा संचालक और अधिकारियों के बीच जमीन के सीमांकन को लेकर विवाद सामने आया। संचालक ने आरोप लगाया कि बिना जमीन का सीमांकन किए ही ढाबे के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
संचालक का यह भी दावा है कि संबंधित मामला न्यायालय में विचाराधीन है। इसी को लेकर मौके पर अधिकारियों और संचालक के बीच काफी देर तक बातचीत होती रही।
पेट्रोल डालने से मचा हड़कंप
कार्रवाई से नाराज ढाबा संचालक ने अचानक खुद पर पेट्रोल उड़ेल लिया और आग लगाने की कोशिश की। स्थिति बिगड़ती देख मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने हस्तक्षेप किया। सुरक्षा के मद्देनजर क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात रहा।
कोर्ट के आदेश तक कार्रवाई स्थगित
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने फिलहाल कार्रवाई स्थगित कर दी। तहसीलदार के अनुसार, कोर्ट का आदेश आने तक ढाबे के खिलाफ कार्रवाई स्थगित रखी गई है।
फिलहाल मामले में प्रशासन और ढाबा संचालक के बीच जमीन के सीमांकन एवं न्यायालयीन प्रकरण को लेकर विवाद बना हुआ है।