ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आज पूरे राज्य में 12 घंटे का ओडिशा बंद मनाया जा रहा है। सुबह 6 बजे से शुरू हुआ यह बंद शाम 6 बजे तक जारी रहेगा। बंद का असर मयूरभंज जिले में भी देखने को मिल रहा है।
जिला मुख्यालय बारिपदा शहर में बंद को सफल बनाने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता सुबह से ही विभिन्न स्थानों पर पिकेटिंग करते नजर आए। शहर के प्रमुख चौक, बाजार और व्यावसायिक क्षेत्रों में कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्रित होकर दुकानदारों और आम लोगों से बंद का समर्थन करने की अपील कर रहे हैं।
बंद के चलते बारिपदा शहर की लगभग सभी दुकानें और बाजार बंद दिखाई दिए। सामान्य दिनों की तुलना में शहर में भीड़भाड़ और व्यावसायिक गतिविधियां भी काफी कम नजर आईं। कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में पार्टी के झंडे लेकर विभिन्न स्थानों पर नारेबाजी करते हुए बंद को सफल बनाने में जुटे हुए हैं।
मयूरभंज जिला कांग्रेस अध्यक्ष पूर्णचंद्र बिस्वाल ने कहा कि आज सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक ओडिशा बंद का आह्वान किया गया है। बंद को सफल बनाने के लिए पार्टी के नेता और कार्यकर्ता एकजुट होकर काम कर रहे हैं। उन्होंने आम जनता और व्यापारियों से भी बंद को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की।
वहीं, बंद के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए पुलिस और प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर पुलिस की निगरानी रखी जा रही है।
सुबह से ही बारिपदा शहर में बंद का असर साफ तौर पर देखने को मिल रहा है। आने वाले समय में बंद का प्रभाव किस तरह रहता है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।
मयूरभंज से हिमांशु शेखर प्रहराज, रिपोर्ट।