रितेश कुमार ब्यूरो चीफ बालोद छत्तीसगढ़
बालोद।
महिला एवं बालिका सुरक्षा, नशे के खिलाफ कार्रवाई और कानून-व्यवस्था मजबूत करने को लेकर बालोद पुलिस ने जिले में सघन अभियान चलाया। पुलिस के अनुसार 7 अक्टूबर को आबकारी एक्ट के तहत 50 प्रकरण दर्ज कर 50 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
महिला एवं बालिका संबंधी अपराधों में इसी दिन तीन प्रकरण दर्ज हुए, जिनमें छेड़छाड़ का एक और अपहरण के दो मामले शामिल हैं। पुलिस ने संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाते हुए ऐसी शिकायतों पर त्वरित वैधानिक कार्रवाई की बात कही है।
‘मिशन नवचेतना’ के तहत पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर कार्रवाई के साथ आम लोगों और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया।
वहीं, आपराधिक और असामाजिक तत्वों की अड्डेबाजी पर रोक लगाने के लिए सार्वजनिक एवं संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाई गई है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए धारा 170 बीएनएस के तहत 11 प्रकरणों में 11 व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण ने कहा कि महिला सुरक्षा, नशे पर नियंत्रण और अपराध की रोकथाम को लेकर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।