सहारनपुर
सहारनपुर के चिलकाना थाना क्षेत्र में लूट की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के अंदर खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई नकदी, मोबाइल फोन, अवैध तमंचा, कारतूस, चाकू और वारदात में इस्तेमाल दो मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। एसपी सिटी वियोम बिंदल ने प्रेस वार्ता कर मामले की जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, 2 अक्टूबर को आवेश नाम के व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कातला से मरोडगढ़ जाने वाले मार्ग पर बाइक सवार बदमाशों ने मारपीट कर उससे 12 हजार रुपये और मोबाइल फोन लूट लिया था। एसएसपी के निर्देश पर थाना प्रभारी अक्षय शर्मा की टीम ने मुखबिर की सूचना पर सुल्तानपुर बाईपास स्थित बंद ईंट भट्ठे के पास से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उजैफ, रितिक, प्रियांशु, फैज और दीपांशु के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4500 रुपये नकद, एक मोबाइल फोन, 315 बोर का तमंचा, जिंदा कारतूस, दो अवैध चाकू और दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने लूट की घटना स्वीकार की है।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़