सहारनपुर
मेला गुघाल में सांस्कृतिक प्रोग्राम की कड़ी में मातागढ कलसिया रोड के एच.ए.वी. इंटर कॉलेज मैदान में विशाल दंगल का आयोजन किया गया, जिसका आयोजन पार्षद मयंक गर्ग द्वारा किया गया।
दंगल में हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और दिल्ली के नामी पहलवानों ने शिरकत कर अपने दांव-पेंच से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कुश्ती प्रेमियों की भारी भीड़ मैदान में मौजूद रही।
अतिथियों का आयोजक मंडल द्वारा पगड़ी और पटका पहनाकर भव्य स्वागत किया गया।
महापौर डॉ. अजय सिंह ने कहा – “मेला गुघाल हमारी संस्कृति और सनातन परंपरा का प्रतीक है। दंगल जैसी प्रतियोगिताएं युवाओं को नशे से दूर रखकर शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाती हैं। पार्षद मयंक गर्ग ने इस परंपरा को जीवित रखा है, इसके लिए बधाई के पात्र हैं। नगर निगम ऐसे आयोजनों को हर संभव सहयोग देगा।
पूर्व कैबिनेट मंत्री संजीव बालियान ने कहा -पश्चिमी उत्तर प्रदेश तो पहलवानों की धरती है। यहाँ की मिट्टी में ही ताकत है। हरियाणा-पंजाब और यूपी के पहलवानों का एक अखाड़े में आना भाईचारे का संदेश है। कुश्ती हमारा स्वदेशी खेल है, इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना हम सबकी जिम्मेदारी है।”
नगर निगम पार्षद व मेला अध्यक्ष संजय सैनी व पूर्व अध्यक्ष हेमंत अरोड़ा ने कहा -“मयंक गर्ग ने बहुत सुंदर आयोजन किया है। मेले के साथ-साथ खेल को जोड़ना एक अच्छी सोच है। इससे हमारे बच्चों में अपनी संस्कृति के प्रति लगाव बढ़ेगा।
आयोजक पार्षद मयंक गर्ग ने कहा -“मेला गुघाल सहारनपुर की पहचान है। मेरी कोशिश है कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से मेले में हर वर्ग की भागीदारी हो। दंगल में दूर-दूर से आए सभी पहलवानों और अतिथियों का मैं आभार व्यक्त करता हूँ।”
अंत में विजेता पहलवानों को नगद पुरस्कार और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़