कोरापुट: ओडिशा राज्य विद्यालय स्तरीय अंडर-17 बालक फुटबॉल प्रतियोगिता में मयूरभंज जिले की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। यह प्रतियोगिता 8 से 11 अक्टूबर 2026 तक कोरापुट जिले के सरकारी उच्च विद्यालय परिसर में आयोजित की गई थी। फाइनल मुकाबले में मयूरभंज की टीम ने जाजपुर को 1-0 गोल से पराजित कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया और जिले को गौरवान्वित किया।मयूरभंज जिला शिक्षा अधिकारी पूर्णचंद्र सेठी के मार्गदर्शन तथा जिला शारीरिक शिक्षा अधिकारी भागीरथी मल्लिक की प्रत्यक्ष देखरेख में जिले की टीम ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। टीम के कोच पीईटी महेंद्र टुडू और टीम मैनेजर पीईटी परीक्षित हेम्ब्रम के नेतृत्व में मयूरभंज के 16 प्रतिभाशाली बालक खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में भाग लिया।प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में मयूरभंज की टीम ने केंद्रापड़ा को 1-0 गोल से हराकर जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। दूसरे मैच में बौध जिले की टीम को 3-0 गोल से पराजित किया। तीसरे मुकाबले में मेजबान कोरापुट की टीम को पेनल्टी शूटआउट में हराकर मयूरभंज ने अगले दौर में प्रवेश किया।क्वार्टर फाइनल मुकाबले में मयूरभंज ने कंधमाल को पेनल्टी शूटआउट में शिकस्त दी। इसके बाद सेमीफाइनल में नुआपड़ा की टीम को 4-0 गोल से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की की। फाइनल मुकाबले में जाजपुर के खिलाफ मयूरभंज के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए 1-0 गोल से जीत दर्ज की और राज्यस्तरीय प्रतियोगिता की चैंपियन ट्रॉफी अपने नाम कर ली।मयूरभंज की विजेता टीम में लक्ष्मीधर सोरेन, ज्योतिरंजन मुर्मू, आयुष बेसन, मेघलाल बास्के, सौरभ गुरु, बापुन किस्कू, इस्माइल सिंह, राम मुर्मू, बुधुराम सिंह, हरिशंकर सिंह पूर्ति, किसुन मुर्मू, लालमोहन मुर्मू, जोषेत सोरेन, नरेंद्र हेम्ब्रम, रहित राज एका और सूरज मारांडी शामिल थे।चैंपियन बनने के बाद टीम को ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस ऐतिहासिक सफलता पर जिला शिक्षा अधिकारी पूर्णचंद्र सेठी और जिला शारीरिक शिक्षा अधिकारी भागीरथी मल्लिक ने विजेता टीम के खिलाड़ियों, कोच और मैनेजर को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।मयूरभंज के युवा खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से जिले के खेल जगत में खुशी का माहौल है।
मयूरभंज से हिमांशु शेखर प्रहराज की रिपोर्ट।