रितेश कुमार ब्यूरो चीफ बालोद छत्तीसगढ़
बालोद
बालोद पुलिस ने नशीली दवाइयों के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से ट्रामाडोल की 737 कैप्सूल, तीन मोबाइल फोन और एक स्कूटी जब्त की गई है। बरामद कैप्सूल की कीमत लगभग 4,790.50 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 10 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली कि सुशील कुमार आर्य उर्फ साईं, निवासी टिकरापारा, बालोद, स्कूटी में नशीली दवाइयां रखकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है। कार्रवाई के दौरान उसकी स्कूटी की डिक्की से ट्रामाडोल की 449 कैप्सूल बरामद की गईं। इसके बाद पूछताछ के आधार पर शंकर नायडू, निवासी वार्ड क्रमांक 25, दल्लीराजहरा और भूपेश्वर साहू उर्फ मंडल, निवासी नया पारा, बालोद के कब्जे से 144-144 कैप्सूल जब्त की गईं।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 537/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(ग) में कार्रवाई की है। सुशील कुमार आर्य को 10 अक्टूबर तथा शंकर नायडू और भूपेश्वर साहू को 11 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया। तीनों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, दवाइयों की परीक्षण रिपोर्ट सहित अन्य विवेचना अभी शेष है।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चन्द्रकांत गवर्ना के मार्गदर्शन और एसडीओपी बालोद विनय कुमार साहू के पर्यवेक्षण में की गई। इसमें थाना प्रभारी निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा सहित थाना बालोद और साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।