मिशन शक्ति अभियान: कक्षा 8 की छात्रा रक्षा चौहान बनीं एक दिन की बीडीओ
हाथवंत ब्लॉक में संभाली खंड विकास अधिकारी की जिम्मेदारी, लोगों की समस्याएं सुनकर दिए निस्तारण के निर्देश
फिरोजाबाद। महिला सशक्तीकरण एवं मिशन शक्ति अभियान के तहत जनपद फिरोजाबाद के विकास खंड हाथवंत में एक अनूठी पहल देखने को मिली। यहां कक्षा आठ की छात्रा कुमारी रक्षा चौहान को एक दिन के लिए खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) बनाया गया। इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने, उन्हें प्रशासनिक कार्यप्रणाली से परिचित कराने और महिला सशक्तीकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
रक्षा चौहान, पुत्री सोनी चौहान, गांव निकाऊं, थाना खैरगढ़ की निवासी हैं। वह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय निकाऊं में कक्षा आठ की छात्रा हैं। एक दिन की बीडीओ की जिम्मेदारी मिलने पर छात्रा ने विकास खंड कार्यालय में अधिकारियों की तरह कार्य करते हुए लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस दौरान छात्रा ने खंड विकास अधिकारी कार्यालय सहित विकास खंड परिसर का निरीक्षण भी किया। प्रशासनिक कार्यों को नजदीक से समझते हुए उन्होंने अधिकारियों के साथ कार्यप्रणाली की जानकारी ली। इस पहल से बालिकाओं को प्रशासनिक व्यवस्था, जनसमस्याओं के समाधान और नेतृत्व की भूमिका को समझने का अवसर मिला।
कार्यक्रम के दौरान खंड विकास अधिकारी जितेंद्र बाबू यादव, ब्लॉक मिशन शक्ति के नोडल अधिकारी, डॉ. शिवकांत पलिया, प्रधानाध्यापक, भाजपा नेता राजेश चौहान, भाजपा मंडल अध्यक्ष अतुल शुक्ला सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
महिला सशक्तीकरण अभियान के तहत आयोजित इस पहल को बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें भविष्य में नेतृत्व की भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।
