आगामी त्योहारों व पंचायती राज चुनावों के मद्देनजर डीग पुलिस का फ्लैग मार्च
संवेदनशील गांवों में बढ़ाई गश्त, उपद्रवियों को सख्त चेतावनी
डीग। आगामी त्योहारों और पंचायती राज चुनावों को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष तथा सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। जिला पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ के. (IPS) के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों एवं संवेदनशील गांवों में पुलिस बल द्वारा व्यापक स्तर पर फ्लैग मार्च निकाला गया।
कस्बों और बाजारों में हुआ पैदल मार्च
फ्लैग मार्च के दौरान जिले के समस्त पुलिस अधिकारियों व थानाधिकारियों ने पर्याप्त पुलिस जाब्ते और सशस्त्र जवानों के साथ अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाले मुख्य मार्गों, प्रमुख कस्बों, बाजारों तथा भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर पैदल गश्त की। विशेष रूप से संवेदनशील और अति-संवेदनशील चिन्हित गांवों में रूट मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
आमजन में विश्वास, अपराधियों को सख्त संदेश
फ्लैग मार्च के जरिए आम नागरिकों व ग्रामीणों को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए संदेश दिया गया कि पुलिस प्रशासन हर समय तत्पर व मुस्तैद है। नागरिक आगामी त्योहारों को उल्लासपूर्वक मनाएं तथा चुनावों में बिना किसी डर या भय के निर्भीक होकर मतदान करें।
वहीं दूसरी ओर, शांति एवं कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों, उपद्रवियों और शरारती तत्वों को सख्त हिदायत दी गई है कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या कानून उल्लंघन पर कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
संवेदनशील गांवों व मतदान केंद्रों पर पैनी नजर
पंचायती राज चुनावों की संवेदनशीलता को देखते हुए चिन्हित संवेदनशील गांवों और क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। इसके साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों, अवैध गतिविधियों तथा मादक पदार्थों व अवैध शराब के परिवहन पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।