प्रेस नोट
कार्यालय पुलिस अधीक्षक जिला बैतूल
बैतूल।
जिले में गुमशुदा बच्चों की तलाश कर उन्हें सुरक्षित उनके परिजनों तक पहुँचाने के लिए पुलिस अधीक्षक श्री वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में बैतूल पुलिस द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में थाना कोतवाली एवं चौकी सोनाघाटी पुलिस ने तत्परता, संवेदनशीलता और विभिन्न एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए पाँच वर्षीय गुमशुदा बालक को महाराष्ट्र के नासिक से सकुशल दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द करने में सफलता प्राप्त की है।
घटना का विवरण एवं पुलिस की कार्रवाई
1. दिनांक 28.09.2026 को सोनाघाटी, बैतूल निवासी फरियादी द्वारा अपने पाँच वर्षीय छोटे भाई के लापता होने की सूचना थाना कोतवाली में दी गई। परिजनों द्वारा आसपास एवं संभावित स्थानों पर तलाश करने के बाद भी बालक का पता नहीं चलने पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 824/2026, धारा 137(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
2. प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में पुलिस टीम द्वारा बालक की तलाश के लिए विशेष प्रयास किए गए। चौकी सोनाघाटी एवं थाना कोतवाली पुलिस ने साइबर सेल बैतूल से तकनीकी सहायता प्राप्त कर संभावित स्थानों पर पूछताछ की तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
3. प्रारंभिक प्रयासों में ठोस जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस ने तलाश का दायरा बढ़ाया और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, शासकीय संगठनों, रेलवे पुलिस तथा अन्य राज्यों की पुलिस से समन्वय स्थापित किया। पुलिस टीम द्वारा लगातार किए गए प्रयासों के परिणामस्वरूप बालक के महाराष्ट्र के नासिक में होने की जानकारी प्राप्त हुई।
4. सूचना के आधार पर संबंधित बाल कल्याण समिति से संपर्क किया गया। बालक नासिक में सुरक्षित रूप से समिति के संरक्षण में मिला। इसके बाद थाना कोतवाली की पुलिस टीम नासिक पहुँची और आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण कर बालक को सकुशल बैतूल लेकर आई।
5. नासिक में वैधानिक कार्रवाई पूर्ण होने के उपरांत *नासिक के कलेक्टर श्री आयुष प्रसाद ने बैतूल पुलिस टीम से भेंट की* तथा बालक की तलाश में किए गए संवेदनशील एवं सराहनीय प्रयासों की प्रशंसा कर टीम का उत्साहवर्धन किया।
6. बैतूल पहुँचने के बाद आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण कर बालक को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया। बालक के सकुशल मिलने से परिजनों ने राहत की साँस ली।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक देवकरण डेहरिया, थाना प्रभारी कोतवाली; उपनिरीक्षक चित्रा कुमरे, चौकी प्रभारी सोनाघाटी; प्रधान आरक्षक अभिजीत खलतकर एवं आरक्षक महेश नगदे की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस टीम ने तकनीकी सहायता, सतत प्रयासों और विभिन्न एजेंसियों के साथ प्रभावी समन्वय के माध्यम से बालक को सकुशल दस्तयाब करने में सफलता प्राप्त की।
पुलिस अधीक्षक बैतूल की अपील
पुलिस अधीक्षक श्री वीरेन्द्र जैन ने आमजन से अपील की है कि बच्चों की सुरक्षा के प्रति सजग एवं सतर्क रहें। किसी बच्चे के गुम होने की स्थिति में बिना विलंब तत्काल नजदीकी पुलिस थाने को सूचना दें, ताकि उसकी तलाश के लिए समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। इसी प्रकार, किसी अज्ञात, लावारिस अथवा असहाय बच्चे के मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। आमजन की सतर्कता एवं समय पर दी गई सूचना किसी गुमशुदा बच्चे को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
PRO Police Betul