दुद्धी (सोनभद्र)। गोवंश तस्करी में प्रयुक्त वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई के क्रम में विंढमगंज पुलिस को सफलता मिली है। जिलाधिकारी सोनभद्र के आदेश पर गैंगस्टर एक्ट के दो अलग-अलग मुकदमों से जुड़े एक पिकअप और एक मैजिक वाहन को जब्त किया गया है। दोनों वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 10.95 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा ने अपराध नियंत्रण और गोवंश तस्करी में प्रयुक्त वाहनों की जब्ती के लिए सभी प्रभारी निरीक्षकों व थानाध्यक्षों को निर्देश दिए थे। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) एवं क्षेत्राधिकारी दुद्धी के निर्देशन में थानाध्यक्ष विंढमगंज रविकान्त मिश्रा ने जब्ती की प्रक्रिया पूरी कराई।
पुलिस के अनुसार, थाना विंढमगंज में दर्ज मुकदमा संख्या 95/26, धारा 3(1) गैंगस्टर एक्ट से संबंधित पिकअप वाहन संख्या UP64 BT 9546 तथा मुकदमा संख्या 64/26, धारा 3(1) गैंगस्टर एक्ट से संबंधित मैजिक वाहन संख्या UP70 QT 5354 की जब्ती की रिपोर्ट 28 सितंबर को पुलिस अधीक्षक के माध्यम से जिलाधिकारी को भेजी गई थी। पुलिस अधीक्षक ने 3 अक्टूबर को संस्तुति सहित रिपोर्ट अग्रसारित की, जिसके बाद जिलाधिकारी ने 9 अक्टूबर को दोनों वाहनों के जब्तीकरण का आदेश जारी किया।
पिकअप वाहन की अनुमानित कीमत 6 लाख रुपये तथा मैजिक वाहन की कीमत 4 लाख 95 हजार 171 रुपये बताई गई है। पुलिस ने इस कार्रवाई को गोवंश तस्करी में प्रयुक्त वाहनों के विरुद्ध की जा रही कानूनी कार्रवाई का महत्वपूर्ण कदम बताया है।