महुली के स्टेशन रोड स्थित पीतरम गौड़ के घर के पास दुर्गा पूजा पंडाल में सजी भक्ति और उल्लास की महफिल, सप्तमी की रात पारंपरिक नृत्य से भक्तिमय हुआ माहौल
दुद्धी (सोनभद्र)।दुद्धी विकास खंड क्षेत्र के महुली गांव में शारदीय नवरात्र के अवसर पर मां दुर्गा की आराधना पूरे भक्तिभाव और उत्साह के साथ की जा रही है। सप्तमी के दिन दुर्गा पूजा पंडालों में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमाओं का पट खुलते ही दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। मां के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर भक्तों ने परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मां दुर्गा के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
इसी क्रम में महुली के स्टेशन रोड पर पीतरम गौड़ के घर के पास स्थित दुर्गा पूजा पंडाल में सप्तमी की रात गरबा और डांडिया नृत्य का विशेष आयोजन किया गया। पारंपरिक संगीत की मधुर धुनों पर महिलाओं और युवतियों ने उत्साहपूर्वक गरबा-डांडिया प्रस्तुत किया। रंग-बिरंगे परिधानों में सजी श्रद्धालु महिलाएं और युवतियां जब ताल से ताल मिलाकर थिरकीं, तो उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में गांव की महिलाओं और अन्य श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। नृत्य और संगीत के बीच पंडाल में उत्सव का उल्लास देखते ही बन रहा था।
गरबा-डांडिया के आयोजन ने नवरात्र उत्सव की रौनक को और बढ़ा दिया। पारंपरिक नृत्य के माध्यम से श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। कार्यक्रम के दौरान भक्ति और संस्कृति का सुंदर संगम देखने को मिला। वहीं, मां के जगराते में भी श्रद्धालु शामिल हुए और भक्ति गीतों के माध्यम से माता रानी की महिमा का गुणगान किया। देर रात तक पंडाल में भक्तिमय माहौल बना रहा।
मां दुर्गा की प्रतिमाओं का पट खुलने के बाद विभिन्न पूजा पंडालों में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। आकर्षक सजावट और रोशनी से सजे पंडालों में भक्तों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। नवरात्र के इस पावन अवसर पर महुली में धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं की सुंदर झलक दिखाई दे रही है।
इस मौके पर दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष त्रिपुरारी सिंह, कोषाध्यक्ष हिमांशु चौरसिया, नितेश कुमार, सचिव गुलशन गोस्वामी सहित समिति के अन्य पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।











Leave a Reply