*रेवाडी के पत्रकारों को मिली 5 लाख रुपए की निःशुल्क बीमा पॉलिसी प्रेस पहचान पत्र एवं वाहन पास*
– दिसंबर माह में आयोजित होगा रेवाड़ी में प्रदेश स्तरीय पत्रकार सम्मान समारोह
– श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा की प्रदेश अध्यक्ष डॉ इंदु बंसल जैन व रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण यादव रहे मौजूद।
*18 अक्टूबर 20260/रेवाड़ी चंडीगढ़ -*
श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा की ओर से रेवाड़ी स्थित सैंडपाइपर टूरिस्ट प्लेस में पत्रकारों के हितों को समर्पित एक गरिमामय कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पत्रकारों को प्रैस पहचान पत्र, 5 लाख रुपए की बीमा पॉलिसी एवं वाहन पास वितरित किए गए। कार्यक्रम की अध्यक्षता संघ की संस्थापक एवं प्रदेश अध्यक्ष डॉ. इंदु बंसल जैन ने की, जबकि रेवाड़ी के विधायक लक्ष्मण यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। जिला अध्यक्ष धनेश विद्यार्थी एवं उनकी जिला इकाई के कुशल संयोजन में आयोजित इस कार्यक्रम में पत्रकारों के अधिकारों, सुरक्षा, सामाजिक सरोकारों एवं संगठन की उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
*डेढ़ वर्ष की उपलब्धियों और गतिविधियों का प्रस्तुत किया लेखा-जोखा*
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा के जिला रेवाड़ी ईकाई के जिला अध्यक्ष धनेश विद्यार्थी ने विगत डेढ़ वर्ष के दौरान संघ द्वारा किए गए कार्यों एवं गतिविधियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संगठन पत्रकारों के हितों की रक्षा, उनकी समस्याओं के समाधान तथा उनके सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा संबंधी मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
इसके पश्चात संघ के महासचिव नवीन बंसल ने संगठन की उपलब्धियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत करते हुए बताया कि श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा ने लगभग डेढ़ वर्ष की अल्पावधि में 50 जिला स्तरीय एवं 10 प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए हैं। उन्होंने बताया कि संघ की वार्षिक सदस्यता शुल्क मात्र 10 रुपये है और अब तक हरियाणा के 472 पत्रकार संगठन से जुड़ चुके हैं। उन्होंने कहा कि यह आंकड़ा पत्रकारों के बीच संगठन की स्वीकार्यता, विश्वास और निरंतर बढ़ती लोकप्रियता का प्रमाण है।
नवीन बंसल ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि संघ केवल अपने सदस्यों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि मानवीय संवेदनाओं को सर्वोपरि रखते हुए महेंद्रगढ़ एवं रेवाड़ी के उन पत्रकारों की भी सहायता करता रहा है, जो संगठन के सदस्य नहीं हैं। पत्रकार सुरक्षा के मुद्दे पर दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना-प्रदर्शन, पत्रकारों के लिए बीमा पॉलिसी की व्यवस्था तथा जरूरतमंद परिवारों के लिए कन्यादान जैसे सामाजिक कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि संघ पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है।
*पत्रकारों की एकजुटता ही संगठन की सबसे बड़ी शक्ति : डॉ. इंदु बंसल जैन*
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं संघ की संस्थापक एवं प्रदेश अध्यक्ष डॉ. इंदु बंसल जैन ने अपने संबोधन में कहा कि उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 24 वर्षों का अनुभव है। इस अनुभव के आधार पर वे पत्रकारों की चुनौतियों, उनकी जिम्मेदारियों और उनके समक्ष आने वाली कठिनाइयों को भली-भांति समझती हैं।
उन्होंने कहा कि श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और सोशल मीडिया से जुड़े पत्रकारों को एक साझा मंच पर लाकर उनकी आवाज को मजबूती प्रदान कर रहा है। संगठन का उद्देश्य पत्रकारों के बीच एकता स्थापित करना, उनके अधिकारों के लिए संघर्ष करना और उन्हें सम्मानजनक एवं सुरक्षित कार्य वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में सार्थक पहल करना है।
डॉ. जैन ने कहा, “संगठन से जुड़े पत्रकार ही हमारी असली ताकत हैं। पत्रकारों की एकजुटता, आपसी सहयोग और विश्वास के बल पर ही हम उनके हितों के लिए निरंतर संघर्ष कर रहे हैं।” उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि संगठन भविष्य में भी पत्रकारों के कल्याण, सुरक्षा और सामाजिक उत्थान के लिए इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा।
*पत्रकार सुरक्षा कानून को लेकर मुख्यमंत्री से बातचीत करेंगे विधायक लक्ष्मण यादव*
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक लक्ष्मण यादव ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारिता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। पत्रकार विषम परिस्थितियों में भी जनसमस्याओं को सामने लाने और समाज को जागरूक करने का महत्वपूर्ण दायित्व निभाते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा एवं हितों की रक्षा सुनिश्चित करना आवश्यक है।
उन्होंने आश्वासन दिया कि वे हरियाणा के मुख्यमंत्री से पत्रकार सुरक्षा कानून के विषय में बातचीत करेंगे तथा इस कानून को प्रदेश में लागू करवाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार भी पत्रकारों के हितों एवं कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है।
विधायक यादव ने पत्रकारिता के आर्थिक पक्ष पर चर्चा करते हुए कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में आमतौर पर अत्यधिक आर्थिक लाभ नहीं होता। इसलिए पत्रकारों को अपने परिवार की आर्थिक आवश्यकताओं की पूर्ति एवं बेहतर जीवनयापन के लिए पत्रकारिता के साथ कोई छोटा-मोटा अतिरिक्त कार्य करने की संभावनाओं पर भी विचार करना चाहिए। उनका यह वक्तव्य पत्रकारों की आर्थिक चुनौतियों और पारिवारिक जिम्मेदारियों के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण को दर्शाता है। इसके साथ ही उन्होंने अपने निजी कोष से श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा को 51000 रूपए देने की घोषणा की।
*प्रतिकूल परिस्थितियों में भी पत्रकारों का योगदान सराहनीय : राजकुमार*
कार्यक्रम में उपस्थित खंड शिक्षा अधिकारी राजकुमार ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि पत्रकारों के साथ किसी कार्यक्रम में शामिल होने का उनका यह पहला अवसर है। उन्होंने पत्रकारों की कार्यशैली और उनके समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि पत्रकार प्रतिकूल मौसम एवं विषम परिस्थितियों के बावजूद पूरी मेहनत, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हैं।
उन्होंने श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा द्वारा पत्रकारों के हितों के लिए किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की तथा संगठन को भविष्य में भी इसी उत्साह और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहने के लिए शुभकामनाएं दीं।
*पत्रकार हितों के लिए निरंतर संघर्षरत रहेगा संगठन*
कार्यक्रम के अंत में जिला अध्यक्ष धनेश विद्यार्थी ने मुख्य अतिथि विधायक लक्ष्मण यादव, कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं डॉ. इंदु बंसल जैन, प्रदेश महासचिव नवीन बंसल, खंड शिक्षा अधिकारी राजकुमार तथा उपस्थित सभी पत्रकारों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाली जिला इकाई के सभी सदस्यों का भी धन्यवाद किया।
कार्यक्रम ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि पत्रकारों की सुरक्षा, सामाजिक सम्मान, आर्थिक सहयोग और अधिकारों की रक्षा के लिए संगठित प्रयास समय की आवश्यकता हैं। श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा इसी उद्देश्य के साथ पत्रकारों को एकजुट कर उनकी समस्याओं को उचित मंचों तक पहुंचाने तथा उनके हितों के लिए निरंतर संघर्ष करने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। इस मौके पर रेवाड़ी जिला ईकाई के 50 से अधिक पत्रकार मौजूद रह।













Leave a Reply