बलरामपुर।
छत्तीसगढ़ में धान खरीदी का सीजन शुरू होने से पहले प्रशासन ने अवैध धान भंडारण और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। बलरामपुर जिले में प्रशासनिक टीम ने बसंतपुर में दो लोगों के घरों से कुल 26 क्विंटल धान जब्त किया है। वहीं, उत्तर प्रदेश से छत्तीसगढ़ लाया जा रहा 150 बोरी धान भी पकड़ा गया है। परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे स्वराज माजदा वाहन को भी जब्त किया गया है।
दो लोगों के घरों से मिला 26 क्विंटल धान
जानकारी के अनुसार, बसंतपुर में राजकुमार गुप्ता और शिवप्रसाद गुप्ता के घरों में धान का भंडारण मिला। जांच के दौरान संबंधित लोग धान के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद प्रशासनिक टीम ने कार्रवाई करते हुए कुल 26 क्विंटल धान जब्त कर लिया।
यूपी से छत्तीसगढ़ लाया जा रहा था 150 बोरी धान
इसी क्रम में प्रशासन ने उत्तर प्रदेश से छत्तीसगढ़ लाए जा रहे 150 बोरी धान को भी पकड़ा। धान के परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे स्वराज माजदा वाहन को जब्त कर लिया गया है। फिलहाल मामले में परिवहन संबंधी दस्तावेजों और नियमों के पालन की जांच की जा रही है।
कलेक्टर के निर्देश पर हुई कार्रवाई
कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम डॉ. टीडी मरकाम, तहसीलदार अश्विनी चंद्रा और नायब तहसीलदार जितेंद्र डहरे की टीम ने यह कार्रवाई की।
धान खरीदी का सीजन शुरू होने से पहले प्रशासन अवैध भंडारण और परिवहन पर लगातार नजर रख रहा है। अधिकारियों ने निगरानी तेज कर दी है, ताकि धान खरीदी व्यवस्था में किसी तरह की गड़बड़ी न हो सके।
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़
आपकी खबर • आपकी आवाज • हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
इंडियन टीवी न्यूज नेशनल स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
