इंडियन टीवी न्यूज नेशनल छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
भिलाई/दुर्ग।
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के बोरई-रसमड़ा स्थित जेडी स्टील प्लांट में हुए भीषण औद्योगिक हादसे में ठेकेदार संतोष कुमार श्रीवास्तव की इलाज के दौरान मौत हो गई। बताया जा रहा है कि प्लांट में मशीन से निकला करीब 1600 डिग्री सेल्सियस तापमान वाला पिघला लोहा उनके शरीर पर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गए। मृतक बिहार के पूर्वी चंपारण के निवासी बताए जा रहे हैं।
17 अक्टूबर की देर रात हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 17 अक्टूबर की देर रात प्लांट में काम के दौरान टिंडिस मशीन के एक हिस्से का नोजल अचानक नीचे आ गया। इसी दौरान अत्यधिक गर्म पिघला हुआ लोहा संतोष कुमार श्रीवास्तव के शरीर पर गिर पड़ा। हादसे में वह गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें तत्काल भिलाई स्थित सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उपचार के दौरान उन्हें बचाने का प्रयास किया। हालांकि, उनकी मौत हो गई।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ हादसे का वीडियो
घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक व्यक्ति आग की लपटों से घिरा हुआ सीढ़ियों से नीचे भागता दिखाई दे रहा है। आसपास मौजूद लोग उसे बचाने की कोशिश करते नजर आते हैं। हालांकि, वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।
बताया गया है कि 18 अक्टूबर को मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जो अंतिम संस्कार के लिए उसे बिहार स्थित अपने गृह क्षेत्र ले गए।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
दुर्ग के एसएसपी विजय अग्रवाल के अनुसार, जलने से घायल एक मजदूर की अस्पताल में मौत हुई है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है। अब हादसे के वास्तविक कारणों और प्लांट में सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है।
बड़ा सवाल: औद्योगिक सुरक्षा के इंतजाम कितने प्रभावी?
इस दर्दनाक घटना ने औद्योगिक इकाइयों में काम करने वाले श्रमिकों और ठेकेदारों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। अब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही थी या नहीं।
