वाराणसी से प्रवीण मिश्रा की रिपोर्ट।
इंडियन टीवी न्यूज नैशनल।
वाराणसी
गंगा की लहरों और काशी के ऐतिहासिक घाटों की पृष्ठभूमि में वाराणसी जल्द ही भारतीय वायुसेना की अदम्य ताकत और अद्भुत हवाई कौशल की गवाह बनने जा रही है। 22, 24 और 25 अक्टूबर को नमो घाट पर ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो आयोजित होगा। इस दौरान देश के अत्याधुनिक लड़ाकू विमान, हेलीकॉप्टर और एरियल डिस्प्ले टीमें आसमान में रोमांचक करतब दिखाएंगी। ऑपरेशन सिंदूर की ताकत का भी दिखेगा जलवा
एयर शो को खास बनाने वालीबात यह है कि इसमें भारतीय वायुसेना के ऐसे लड़ाकू विमानों की मौजूदगी रहेगी, जिन्होंने देश की सैन्य क्षमता और ऑपरेशनल तैयारियों की ताकत को दुनिया के सामने रखा है। राफेल, सुखोई-30 एमकेआई, तेजस, मिराज-2000, मिग-29 और जगुआर जैसे विमान काशी के आसमान में अपनी क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। सारंग के हेलीकॉप्टरों से लेकर सूर्यकिरण की गर्जना तक, एयर शो में सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम पांच स्वदेशी एएलएच ध्रुव हेलीकॉप्टरों के साथ रोमांचक फॉर्मेशन बनाएगी। वहीं सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम के नौ हॉक विमान आसमान में सटीक फॉर्मेशन, लूप, बैरल रोल और अन्य हैरतअंगेज करतब दिखाएंगे। तिरंगे रंग का धुआं छोड़ते विमान काशी के आसमान को देशभक्ति के रंग में रंग देंगे। काशी’, ‘हनुमान’, ‘सारनाथ’ और ‘वरुणा’ के नाम से बनेंगे फॉर्मेशन* एयर शो में काशी की पहचान और संस्कृति की झलक भी आसमान में दिखाई देगी। अलग-अलग एयर फॉर्मेशन को काशी, हनुमान, सारनाथ और वरुणा जैसे नाम दिए गए हैं। सारंग टीम में महिला पायलटों की मौजूदगी भी इस प्रदर्शन को खास बनाएगी। गंगा के ऊपर होगा रोमांच का अद्भुत नजारा
नमो घाट से लेकर गंगा के विस्तृत क्षेत्र तक हजारों-लाखों दर्शकों को आसमान में विमानों की गर्जना और सटीक करतब देखने का अवसर मिलेगा। आयोजन को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। नमो घाट के आसपास पांच किलोमीटर क्षेत्र को रेड जोन घोषित कर ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। काशी के लिए यह सिर्फ एयर शो नहीं, बल्कि भारतीय वायुसेना की वीरता, तकनीकी क्षमता, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की शक्ति को करीब से देखने का ऐतिहासिक अवसर होगा। गंगा की लहरों के ऊपर जब लड़ाकू विमानों की गर्जना और सारंग-सूर्यकिरण की कलाबाजियां एक साथ दिखाई देंगी, तो काशी का आसमान निश्चित रूप से देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आएगा।
