*बिहार मोतीहारी से अमरजीत सिंह,*
मोतिहारी में बेखौफ चोरों का तांडव,मंदिर का ताला काट गणेश जी का मुकुट उड़ाया,
ड्यूटी में लापरवाही पर भड़के एसपी स्वर्ण प्रभात, गश्ती दल और बाइक पार्टी दोनों को किया निलंबित
मोतिहारी। नगर थाना क्षेत्र में चोरों के दुस्साहस और पुलिसकर्मियों की घोर लापरवाही का एक बड़ा मामला सामने आया है। बेखौफ अपराधियों ने एक प्रसिद्ध मंदिर को निशाना बनाते हुए मुख्य गेट का ताला काटकर चोरी की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। शातिर चोरों ने मंदिर में स्थापित भगवान श्री गणेश का कीमती मुकुट उड़ा लिया, जबकि साईं बाबा की छतरी, दानपेटी और चरण पादुका सुरक्षित बच गई। वारदात के वक्त मंदिर के पुजारी अंदर ही सोए हुए थे, जिन्हें घटना की भनक तक नहीं लगी। वहीं, मंदिर परिसर का सीसीटीवी कैमरा भी पिछले करीब डेढ़ महीने से खराब पड़ा था, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। घटनास्थल की सीढ़ियों पर ताला काटने में प्रयुक्त खनती भी बरामद हुई है।
इस गंभीर मामले की जानकारी मिलते ही मोतिहारी पुलिस कप्तान स्वर्ण प्रभात ने बेहद कड़ा और त्वरित एक्शन लिया है। कानून-व्यवस्था और रात्रि सुरक्षा में कोताही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर गाज गिराते हुए एसपी ने मौके पर तैनात संबंधित गश्ती दल और बाइक पार्टी दोनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। कप्तान ने दोटूक संदेश दिया है कि आमजन और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर बरती गई लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिले के तेजतर्रार पुलिस कप्तान के कड़े निर्देश के बाद पूरा महकमा हरकत में आ गया है। मामले की तह तक पहुंचने और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए घटनास्थल पर डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक की टीम को रवाना कर दिया गया है। नगर थाना पुलिस के साथ-साथ विशेष तकनीकी टीम मंदिर के आसपास के इलाके और मुख्य मार्गों पर लगे निजी व प्रशासनिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर बहुत जल्द इस गिरोह को बेनकाब कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
रिपोर्ट,अमरजीत सिंह
