सोनभद्र। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 के लिए गुरुवार को जनपद सोनभद्र के कलेक्ट्रेट परिसर से पोलिंग पार्टियों को निर्वाचन सामग्री के साथ निर्धारित मतदेय स्थलों के लिए रवाना किया गया। जनपद में स्नातक निर्वाचन के लिए 21 और शिक्षक निर्वाचन के लिए 13 मतदेय स्थल बनाए गए हैं।
मतदान शुक्रवार, 23 अक्टूबर को प्रातः 8 बजे से सायं 4 बजे तक होगा। वाराणसी खंड के आठ जिलों में इस चुनाव के लिए कुल 257 स्नातक और 122 शिक्षक मतदेय स्थल निर्धारित हैं, जिनमें सोनभद्र के 21 स्नातक और 13 शिक्षक बूथ शामिल हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने संबंधित अधिकारियों और मतदान कर्मियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन कराते हुए मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी मतदेय स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं और निर्वाचन दायित्वों का पूरी सतर्कता व जिम्मेदारी के साथ निर्वहन किया जाए।
प्रशासन ने मतदान के दौरान जोनल, सेक्टर/स्टैटिक एवं रिजर्व मजिस्ट्रेटों की तैनाती की है, ताकि पोलिंग पार्टियों को सुरक्षित रूप से मतदेय स्थलों तक पहुंचाया जा सके और मतदान उपरांत मतपेटिकाओं की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित हो सके।
जिला प्रशासन ने कहा है कि स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

