हरदोई, उत्तर प्रदेश। हरदोई-पिहानी मुख्य मार्ग की जर्जर हालत को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे और बारिश के बाद जलभराव से राहगीरों व वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या को लेकर समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश सचिव रामज्ञान गुप्ता ने प्रशासन से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता स्थानीय नागरिकों के साथ सड़क पर कीचड़ के बीच धरना देने को मजबूर होंगे।
गड्ढों में भरा पानी, हादसों का खतरा
रामज्ञान गुप्ता ने कहा कि हरदोई-पिहानी रोड की मौजूदा स्थिति बेहद चिंताजनक है। सड़क पर बने गहरे गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालकों को उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों और ई-रिक्शा सवारों को इस मार्ग पर सफर करने में काफी मुश्किलें हो रही हैं।
उन्होंने स्थानीय नागरिकों के हवाले से बताया कि कुछ दिन पहले इसी जर्जर सड़क पर गड्ढे के कारण मोटरसाइकिल से गिरने की घटना में एक महिला की मौत हो गई थी। इसके अलावा, सड़क की खराब स्थिति के चलते आए दिन वाहन चालकों के चोटिल होने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।
सरकार और अधिकारियों पर उठाए सवाल
सपा नेता ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि जिन सड़कों को मरम्मत की सबसे अधिक जरूरत है, उनकी अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि जर्जर सड़कों की सुध लेने के बजाय अन्य सड़कों पर दोबारा डामर डालने का काम किया जा रहा है। उन्होंने सड़क निर्माण कार्यों में कथित अनियमितताओं की जांच कराने की भी मांग उठाई।
डीएम ने दिया जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने का आश्वासन
रामज्ञान गुप्ता ने बताया कि उन्होंने हरदोई के जिलाधिकारी से फोन पर बातचीत कर हरदोई-पिहानी रोड की बदहाली से अवगत कराया। उनके मुताबिक, जिलाधिकारी ने जल्द ही सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया है।
हालांकि, सपा नेता ने स्पष्ट किया कि यदि जल्द सड़क की मरम्मत शुरू नहीं हुई, तो पार्टी कार्यकर्ता स्थानीय जनता के साथ मौके पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि सड़क की समस्या का स्थायी समाधान होना चाहिए, ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
ये लोग रहे मौजूद
इस मौके पर धर्मेंद्र यादव दीपू, शुभम गुप्ता, श्याम गुप्ता, सच्चिदानंद त्रिपाठी, विकास त्रिपाठी, राहुल सिंह, विपिन गुप्ता, पुनीत अजय सिंह, रामसेवक सहित कई मोहल्लावासी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। SHIVAM SHUKLA
Reporter,
ITN National News
HARDOI
